बिहार पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, 61 DSP और 2 IPS अधिकारियों के तबादले से प्रशासनिक हलचल तेज
बिहार सरकार ने राज्य के पुलिस विभाग में बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 61 डीएसपी स्तर के अधिकारियों का तबादला कर दिया है। गृह विभाग द्वारा जारी अधिसूचना में कई जिलों के पुलिस अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां ....
बिहार सरकार ने राज्य के पुलिस विभाग में बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 61 डीएसपी स्तर के अधिकारियों का तबादला कर दिया है। गृह विभाग द्वारा जारी अधिसूचना में कई जिलों के पुलिस अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इसके साथ ही दो आईपीएस अधिकारियों के भी तबादले किए गए हैं। सरकार का कहना है कि यह कदम राज्य में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से उठाया गया है।
प्रशासनिक गलियारों में हलचल तेज
बता दें कि नई तबादला सूची के बाद पुलिस विभाग और प्रशासनिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। लंबे समय से एक ही जिले में तैनात अधिकारियों को नई जगहों पर भेजा गया है, जबकि कुछ अधिकारियों को विशेष इकाइयों और मुख्यालय में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं। सरकार का मानना है कि इससे पुलिसिंग व्यवस्था में तेजी आएगी और साइबर अपराध समेत अन्य आपराधिक गतिविधियों पर बेहतर नियंत्रण स्थापित किया जा सकेगा।जारी आदेश के अनुसार, आईपीएस अधिकारी गरिमा को मुजफ्फरपुर के सरैया अनुमंडल से हटाकर भागलपुर के कहलगांव अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2 के पद पर तैनात किया गया है। वहीं संकेत कुमार को मुंगेर के तारापुर से स्थानांतरित कर नालंदा के बिहारशरीफ सदर-1 का अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बनाया गया है।
नूरूल हक को पटना में सहायक पुलिस महानिरीक्षक
इसके अलावा नालंदा के बिहारशरीफ में तैनात अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नूरूल हक को पटना में सहायक पुलिस महानिरीक्षक (निरीक्षण) के पद पर भेजा गया है। सोनपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रितीश कुमार को मोतिहारी में साइबर क्राइम के अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) की जिम्मेदारी दी गई है। माना जा रहा है कि राज्य में तेजी से बढ़ रहे डिजिटल अपराधों पर नियंत्रण के लिए यह नियुक्ति महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।
पंकज कुमार को विशेष निगरानी इकाई
भागलपुर के कहलगांव में कार्यरत अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पंकज कुमार को विशेष निगरानी इकाई (SVU) पटना में पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। वहीं अपराध अनुसंधान विभाग (CID) पटना में तैनात अपर पुलिस अधीक्षक मो. नेसार अहमद शाह को मधेपुरा का नया ASP नियुक्त किया गया है।सरकार का कहना है कि नई तैनातियों से जिलों में पुलिस प्रशासन की कार्यक्षमता बढ़ेगी और अपराध नियंत्रण व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी। खासतौर पर साइबर क्राइम, निगरानी तंत्र और विशेष जांच इकाइयों में अनुभवी अधिकारियों की नियुक्ति को अहम माना जा रहा है।













