बिहार में DJ गाड़ियों पर बड़ी कार्रवाई! 15 दिन में सब बंद — RC कैंसिल, जब्ती और गिरफ्तारी तक संभव
बिहार में अब सड़कों पर तेज आवाज और अवैध रूप से मॉडिफाई किए गए DJ वाहनों की मनमानी ज्यादा दिनों तक नहीं चलेगी। बिहार परिवहन विभाग ने ऐसे वाहनों के खिलाफ सख्त अभियान शुरू करने का ऐलान किया है। विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि अगले 15 दिनों के भीतर अवैध रूप से मॉडिफाइड DJ वाहनों पर पूरी तरह नियंत्रण.....
बिहार में अब सड़कों पर तेज आवाज और अवैध रूप से मॉडिफाई किए गए DJ वाहनों की मनमानी ज्यादा दिनों तक नहीं चलेगी। बिहार परिवहन विभाग ने ऐसे वाहनों के खिलाफ सख्त अभियान शुरू करने का ऐलान किया है। विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि अगले 15 दिनों के भीतर अवैध रूप से मॉडिफाइड DJ वाहनों पर पूरी तरह नियंत्रण स्थापित किया जाए।
विशेष जांच अभियान चलाने का निर्देश
परिवहन विभाग के सचिव राज कुमार ने राज्य के सभी जिला परिवहन पदाधिकारियों (DTO) और मोटर वाहन निरीक्षकों (MVI) को सड़कों पर विशेष जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया है। अधिकारियों को कहा गया है कि वे ऐसे वाहनों की पहचान करें जो बिना अनुमति DJ सिस्टम के लिए मॉडिफाई किए गए हैं। जांच के दौरान यदि कोई वाहन नियमों का उल्लंघन करता पाया जाता है, तो उस पर चालान के साथ-साथ वाहन जब्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी।
मोटर वाहन अधिनियम की धारा 52 के तहत अपराध
विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति वाहन में किसी भी तरह का बदलाव करना मोटर वाहन अधिनियम की धारा 52 के तहत अपराध है। ऐसे मामलों में वाहन का रजिस्ट्रेशन (RC) रद्द किया जा सकता है और धारा 182(ए) के तहत भारी जुर्माना लगाया जाएगा। गंभीर मामलों में वाहन मालिक की गिरफ्तारी भी संभव है। इसके अलावा, ध्वनि प्रदूषण फैलाने पर अलग से 2 हजार रुपये तक का जुर्माना लगाया जाएगा।
सैकड़ों वाहनों पर कार्रवाई की जा चुकी है
अक्सर देखा गया है कि कई लोग अपने कमर्शियल वाहनों को अवैध रूप से DJ वाहनों में बदल देते हैं, जिससे न केवल ध्वनि प्रदूषण बढ़ता है बल्कि सड़क सुरक्षा भी खतरे में पड़ जाती है। बारात, जुलूस और रैलियों के दौरान ये वाहन दुर्घटनाओं और अव्यवस्था का कारण बनते हैं।पटना समेत राज्य के कई जिलों में इस अभियान की शुरुआत हो चुकी है और अब तक सैकड़ों वाहनों पर कार्रवाई की जा चुकी है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।













