दालकोला चेकपोस्ट पर मंत्री श्रवण कुमार सख्त, राजस्व वसूली में ढिलाई पर लगाई फटकार; गलगलिया में नया चेकपोस्ट खोलने का निर्देश

बिहार के परिवहन मंत्री श्रवण कुमार ने दालकोला चेकपोस्ट के निरीक्षण के दौरान राजस्व वसूली की धीमी रफ्तार पर गहरी नाराजगी जताई। वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए तय 51 करोड़ 54 लाख रुपये के लक्ष्य के मुकाबले अब तक हुई कम वसूली पर उन्होंने अधिकारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए स्पष्ट कहा कि लक्ष्य को हर हाल में शत-प्रतिशत हासिल करना....

दालकोला चेकपोस्ट पर मंत्री श्रवण कुमार सख्त, राजस्व वसूली में ढिलाई पर लगाई फटकार; गलगलिया में नया चेकपोस्ट खोलने का निर्देश

बिहार के परिवहन मंत्री श्रवण कुमार ने दालकोला चेकपोस्ट के निरीक्षण के दौरान राजस्व वसूली की धीमी रफ्तार पर गहरी नाराजगी जताई। वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए तय 51 करोड़ 54 लाख रुपये के लक्ष्य के मुकाबले अब तक हुई कम वसूली पर उन्होंने अधिकारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए स्पष्ट कहा कि लक्ष्य को हर हाल में शत-प्रतिशत हासिल करना होगा।

नया चेकपोस्ट स्थापित करने का निर्देश 
निरीक्षण के दौरान सामने आए आंकड़ों के अनुसार एसडीटीओ गौतम कुमार ने अब तक 4.85 करोड़ रुपये और ईआई कुंदन कुमार ने 2.66 करोड़ रुपये की वसूली की है। मंत्री ने इस प्रदर्शन पर असंतोष जताते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि राजस्व संग्रहण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।इस दौरान अधिकारियों ने मंत्री को बताया कि किशनगंज-अररिया सीमा पर नई सड़क बनने के कारण कई वाहनों का रूट बदल गया है, जिससे दालकोला चेकपोस्ट से गुजरने वाले वाहनों की संख्या कम हो गई है। इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए मंत्री ने तुरंत गलगलिया (किशनगंज-अररिया सीमा) पर नया चेकपोस्ट स्थापित करने का निर्देश दिया। 

 परिवहन नियमों के पालन के लिए यह कदम जरूरी 
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल से बिहार में आने वाले वाहनों की प्रभावी निगरानी और परिवहन नियमों के पालन के लिए यह कदम जरूरी है, ताकि राजस्व की संभावित हानि को रोका जा सके।निरीक्षण के दौरान चेकपोस्ट परिसर में फैली गंदगी और अव्यवस्था को देखकर मंत्री ने अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने तुरंत साफ-सफाई कराने, चालान काउंटर का रंग-रोगन कराने और जर्जर सड़क की मरम्मत कराने के आदेश दिए। साथ ही पूरे परिसर में पर्याप्त लाइटिंग की व्यवस्था करने का निर्देश दिया, ताकि रात के समय भी वाहनों की जांच और राजस्व वसूली का काम बिना किसी बाधा के जारी रह सके।

बड़ी संख्या में वाहनों का आवागमन 
परिवहन मंत्री ने दालकोला चेकपोस्ट की अहमियत बताते हुए कहा कि यह उत्तर-पूर्व बिहार का प्रमुख प्रवेश द्वार है। यहां से सिलीगुड़ी, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों की ओर बड़ी संख्या में वाहनों का आवागमन होता है। उन्होंने अधिकारियों को सख्त लहजे में कहा कि व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखना न सिर्फ राजस्व बढ़ाने के लिए बल्कि यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए भी बेहद जरूरी है।