अब जन संवाद कार्यक्रम के माध्यम से जनता की समस्याओं को जानेंगे अधिकारी और दी जाएगी योजनाओं की जानकारी

अब जन संवाद कार्यक्रम के माध्यम से जनता की समस्याओं को जानेंगे अधिकारी और  दी जाएगी योजनाओं की जानकारी

पटना डेस्क : जिले की जनता की समस्या और उनको सरकारी योजनाओं के लाभ की जानकारी देने के लिए फारबिसगंज अनुमंडल के हरिपुर में जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस जन संवाद कार्यक्रम में डीएम, एसपी, डीसी सहित सभी विभाग के वरीय अधिकारी मौजूद थे। हरिपुर पंचायत स्थित सरकार भवन में आयोजित इस जन संवाद कार्यक्रम में सैकड़ो की संख्या में ग्रामीण पहुंचे थे। ग्रामीणों ने प्रशासनिक अधिकारियों से सीधा संवाद किया। इसके साथ ग्रामीणों ने अपनी समस्या को जिला प्रशासन के समक्ष रखा। 

जिलाधिकारी इनायत खान ने बताया कि यह कार्यक्रम आम लोगों और प्रशासन के बीच की दूरी को कम करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। जिसका उद्देश्य है सरकार की जितनी भी कल्याणकारी योजनाएं हैं उसकी जानकारी सीधे संवाद के माध्यम से उन तक पहुंचाना जिनके लिए सरकार ने योजना लागू किया है। इसके साथ जन संवाद के माध्यम से लोगों को इस बात की भी जानकारी देना है कि किसी भी योजना का लाभ उठाने के लिए बिचौलियों से बचें।

डीएम ने बताया कि इस जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन जिला से लेकर प्रखंड स्तर तक आयोजित किया जा रहा है। जहां ग्रामीणों को कोई भी शिकायत है वह सीधा पदाधिकारीयों से संवाद कर सकते हैं। वहीं अररिया एसपी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि यह कार्यक्रम जिला अनुमंडल और प्रखंड स्तर पर आयोजित किया जा रहा है उद्देश्य है की ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी लेने के लिए किसी कार्यालय का चक्कर नहीं काटना पड़े। बल्की सीधा संवाद यहां मौजूद अधिकारियों से कर सकते हैं। इस कार्यक्रम में जिला के सभी विभाग के वरीय पदाधिकारी मौजूद रहेंगे जो उनकी समस्याओं को सुनकर उसका समाधान भी तत्काल निकलेंगे।

रिपोर्ट : कुमार कौशिक / मुर्शिद रज़ा