भू-माफिया कनेक्शन में JDU विधायक समेत तीन पर गैर-जमानती वारंट, पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी
भू-माफियाओं को संरक्षण देने के गंभीर आरोप में कोर्ट के सख्त रुख के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। गैर-जमानती वारंट जारी होते ही सोमवार सुबह कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। कुचायकोट के जदयू विधायक अमरेंद्र कुमार पाण्डेय उर्फ पप्पू पाण्डेय, उनके बड़े भाई सतीश पाण्डेय और सीए राहुल तिवारी के खिलाफ न्यायालय द्वारा गैर-जमानती वारंट जारी.....
भू-माफियाओं को संरक्षण देने के गंभीर आरोप में कोर्ट के सख्त रुख के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। गैर-जमानती वारंट जारी होते ही सोमवार सुबह कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। कुचायकोट के जदयू विधायक अमरेंद्र कुमार पाण्डेय उर्फ पप्पू पाण्डेय, उनके बड़े भाई सतीश पाण्डेय और सीए राहुल तिवारी के खिलाफ न्यायालय द्वारा गैर-जमानती वारंट जारी किया गया है। इसके बाद पुलिस ने तेज कार्रवाई करते हुए हथुआ थाना क्षेत्र के तुलसिया गांव स्थित उनके पैतृक आवास और हथुआ स्थित पेट्रोल पंप समेत कई ठिकानों पर एक साथ दबिश दी।
एसपी विनय तिवारी खुद लीड कर रहे
इस पूरे ऑपरेशन को एसपी विनय तिवारी खुद लीड कर रहे थे। भारी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी में कई घंटों तक सघन तलाशी अभियान चलाया गया। हालांकि, इस दौरान कोई भी आरोपित पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सका। सभी के फरार होने की सूचना है। सूत्रों के मुताबिक, यह पूरा मामला भू-माफियाओं को संरक्षण देने से जुड़ा है। इस केस में पहले ही चार आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोर्ट ने सख्ती दिखाते हुए गैर-जमानती वारंट जारी किया।
सभी संदिग्ध स्थानों की बारीकी से जांच
छापेमारी के दौरान पुलिस ने संभावित साक्ष्य जुटाने की कोशिश की और सभी संदिग्ध स्थानों की बारीकी से जांच की। अब पुलिस फरार आरोपितों की तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर नजर बनाए हुए है। एसपी विनय तिवारी ने स्पष्ट कहा है कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने दो टूक कहा, कानून से ऊपर कोई नहीं है। पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई से इलाके में दहशत का माहौल है।













