महिला कर्मचारियों की मांग पर बदला पिंक बसों का समय, BSRTC का बड़ा फैसला

पटना में सचिवालय सेवा के तहत चल रही पिंक बसों के समय में बड़ा बदलाव किया गया है। महिला कर्मियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) ने मंगलवार से इन बसों का संचालन शाम छह बजे की जगह शाम...

महिला कर्मचारियों की मांग पर बदला पिंक बसों का समय, BSRTC का बड़ा फैसला

पटना में सचिवालय सेवा के तहत चल रही पिंक बसों के समय में बड़ा बदलाव किया गया है। महिला कर्मियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) ने मंगलवार से इन बसों का संचालन शाम छह बजे की जगह शाम पांच बजे से शुरू करने का फैसला लिया है।

बीएसआरटीसी ने समय में बदलाव किया

दरअसल, कई महिला कर्मचारियों ने शिकायत की थी कि उनका कार्यालय समय शाम पांच बजे तक समाप्त हो जाता है, लेकिन बस सेवा एक घंटे बाद शुरू होने के कारण उन्हें इंतजार करना पड़ता था। इसी समस्या को देखते हुए बीएसआरटीसी ने समय में बदलाव किया है। अब पिंक बसें शाम पांच बजे से ही विश्वेश्वरैया भवन और विकास भवन के पास उपलब्ध रहेंगी।

छह इलेक्ट्रिक बसों में महिला और पुरुष दोनों कर्मचारी सफर कर सकते हैं

निगम के अधिकारियों के मुताबिक, बसें जैसे-जैसे भरेंगी, उन्हें तुरंत रवाना कर दिया जाएगा ताकि महिला कर्मियों को अधिक देर तक इंतजार न करना पड़े। सचिवालय सेवा के तहत फिलहाल कुल 11 बसों का संचालन किया जा रहा है। इनमें पांच पिंक बसें केवल महिला कर्मचारियों के लिए आरक्षित हैं, जबकि छह इलेक्ट्रिक बसों में महिला और पुरुष दोनों कर्मचारी सफर कर सकते हैं।

करीब 300 सरकारी कर्मियों ने यात्रा की

वहीं इलेक्ट्रिक बसों का संचालन पहले की तरह  ही शाम छह बजे विकास भवन और विश्वेश्वरैया भवन के सामने से किया जाएगा। सुबह के समय सभी बसों के सचिवालय पहुंचने का समय सुबह नौ बजे से 9:20 बजे के बीच तय किया गया है।बता दें कि सोमवार को इस नई बस सेवा के पहले दिन करीब 300 सरकारी कर्मियों ने यात्रा की। बीएसआरटीसी को उम्मीद है कि समय में बदलाव के बाद आने वाले दिनों में यात्रियों की संख्या और बढ़ेगी।