CM आवास के बाहर महंगी शराब की बोतल मिलने से हड़कंप, सुरक्षा पर उठे बड़े सवाल
बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून लागू है, लेकिन राजधानी पटना से सामने आई एक घटना ने प्रशासनिक महकमे में हलचल मचा दी है। मुख्यमंत्री आवास के बाहर संदिग्ध हालात में महंगे ब्रांड की...
बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून लागू है, लेकिन राजधानी पटना से सामने आई एक घटना ने प्रशासनिक महकमे में हलचल मचा दी है। मुख्यमंत्री आवास के बाहर संदिग्ध हालात में महंगे ब्रांड की शराब की बोतल मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गई हैं। मामला इसलिए भी गंभीर माना जा रहा है क्योंकि घटना राज्य के सबसे सुरक्षित वीवीआईपी इलाके में हुई है।
जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री आवास के आसपास तैनात सुरक्षा कर्मियों की नजर सड़क किनारे पड़े एक संदिग्ध झोले पर पड़ी। जब झोले की जांच की गई तो उसमें से शराब की बोतल बरामद हुई। इसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस ने तत्काल मौके को घेर लिया।बताया जा रहा है कि बरामद शराब की बोतल किसी महंगे ब्रांड की है, जिसकी बाजार कीमत करीब 4 हजार से 5 हजार रुपये के बीच बताई जा रही है।
हाई सिक्योरिटी जोन में शराब मिलने से खलबली
मुख्यमंत्री आवास बिहार का सबसे सुरक्षित इलाका माना जाता है। ऐसे में वीवीआईपी जोन में शराब की बोतल मिलना सुरक्षा व्यवस्था और शराबबंदी कानून दोनों पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। शराबबंदी वाले राज्य में मुख्यमंत्री आवास के बाहर शराब मिलना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती माना जा रहा है।
मौके पर पहुंचे सचिवालय थाना प्रभारी
शराब की बोतल मिलने की सूचना मिलते ही सचिवालय थाना प्रभारी गौतम कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने इलाके से सभी खाली बोतलों को हटवाया और जांच शुरू कर दी।थाना प्रभारी गौतम कुमार ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि झोला वहां कौन छोड़कर गया।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि मामला शराब तस्करी से जुड़ा है या किसी ने जानबूझकर वीवीआईपी क्षेत्र में शराब रखकर सुरक्षा एजेंसियों को चुनौती देने की कोशिश की है। जांच एजेंसियां इलाके में आने-जाने वाले संदिग्ध लोगों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं।













