बिहार में ‘पुलिस दीदी’ होगी हाईटेक: महिला सुरक्षा के लिए 4700 स्कूटी-बाइक को मंजूरी
बिहार में महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। सम्राट चौधरी की अगुवाई वाली NDA सरकार अब ‘पुलिस दीदी’ यानी अभया ब्रिगेड को हाईटेक और अधिक सक्रिय बनाने जा रही है।राज्य सरकार ने...
बिहार में महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। सम्राट चौधरी की अगुवाई वाली NDA सरकार अब ‘पुलिस दीदी’ यानी अभया ब्रिगेड को हाईटेक और अधिक सक्रिय बनाने जा रही है।राज्य सरकार ने 4700 नए वाहनों की खरीद को मंजूरी दी है, जिसमें स्कूटी (1500)और मोटरसाइकिल(3200) शामिल हैं। इसका उद्देश्य महिला पुलिसकर्मियों की पहुंच और प्रतिक्रिया समय को तेज करना है।
पुलिस दीदी’ स्कूटी और बाइक से नियमित गश्त करेंगी
बता दें कि सरकार इस योजना पर करीब 66.75 करोड़ रुपए खर्च करेगी। नई व्यवस्था के तहत ‘पुलिस दीदी’ स्कूटी और बाइक से नियमित गश्त करेंगी और उनकी तैनाती खासतौर पर स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थानों के आसपास की जाएगी, जहां छात्राओं की आवाजाही ज्यादा रहती है। महिला पुलिसकर्मी वर्दी और सादे कपड़ों दोनों में मौजूद रहेंगी, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत नजर रखी जा सके और जरूरत पड़ने पर मौके पर ही सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
महिला सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता
वहीं विधानसभा में बोलते हुए सम्राट चौधरी ने कहा था कि महिला सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने यह भी बताया कि छुट्टी के समय छात्राओं की सुरक्षा को लेकर खास चिंता रहती है, इसलिए अब सभी स्कूलों और कॉलेजों के पास ‘पिंक स्कूटी’ के साथ पुलिस दीदी तैनात रहेंगी।
महिला सुरक्षा के लिहाज से एक बड़ा कदम
जानकारी के लिए बता दें कि यह पहल योगी आदित्यनाथ सरकार के 2017 में शुरू किए गए एंटी रोमियो स्क्वाड मॉडल से प्रेरित है, जिसने महिला सुरक्षा के मामलों में असर दिखाया था। अब बिहार में भी उसी तर्ज पर इस अभियान को मजबूत कर छेड़खानी और उत्पीड़न की घटनाओं पर लगाम लगाने की कोशिश की जा रही है। कुल मिलाकर, यह पहल महिला सुरक्षा के लिहाज से एक बड़ा कदम मानी जा रही है, हालांकि इसकी असली सफलता इस बात पर निर्भर करेगी कि यह योजना जमीन पर कितनी प्रभावी तरीके से लागू होती है।













