दिल्ली में खगड़िया के युवक की हत्या पर सियासत तेज, जीतन राम मांझी के बयान से बढ़ा विवाद

दिल्ली में बिहार के खगड़िया निवासी युवक पांडव कुमार की हत्या ने न सिर्फ राजधानी में सनसनी फैलाई है, बल्कि बिहार की राजनीति को भी गर्मा दिया...

दिल्ली में खगड़िया के युवक की हत्या पर सियासत तेज, जीतन राम मांझी के बयान से बढ़ा विवाद

दिल्ली में बिहार के खगड़िया निवासी युवक पांडव कुमार की हत्या ने न सिर्फ राजधानी में सनसनी फैलाई है, बल्कि बिहार की राजनीति को भी गर्मा दिया है। इस घटना को लेकर राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। इसी बीच केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी के बयान ने विवाद को और हवा दे दी है।

‎पहले जांच बेहद जरूरी

‎केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि किसी भी घटना की सच्चाई सामने आने से पहले जांच बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा, “दिल्ली में बिहार का युवक मारा गया है, जांच होगी। अगर कोई दोषी होगा तो कार्रवाई की जाएगी। इसमें कौन बड़ी बात है भाई, मार दिया तो मार दिया। कोई ऐसे ही जानबूझकर किसी को नहीं मारता।”

‎दोषियों को कड़ी सजा दी जाएगी

‎उनके इस बयान को लेकर राजनीतिक हलकों में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।मांझी ने आगे कहा कि यदि जांच में यह साबित होता है कि किसी निर्दोष की हत्या हुई है, तो दोषियों को कड़ी सजा दी जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बिना पूरी जानकारी के किसी निष्कर्ष पर पहुंचना सही नहीं है।

‎तेजस्वी यादव पर पलटवार:

‎वहीं इस मामले में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव द्वारा भाजपा शासित राज्यों में बिहारियों की सुरक्षा पर उठाए गए सवालों पर मांझी ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव को पहले 2005 से पहले के बिहार के हालात देखने चाहिए।मांझी के अनुसार, आज “बिहारी” कहलाना गर्व की बात है, जबकि पहले ऐसा नहीं था। यह बयान उन्होंने बिहटा में एक कार्यक्रम के दौरान दिया।

‎रोहतक से गिरफ्तार कर लिया है

‎मृतक पांडव कुमार बिहार के खगड़िया जिले का निवासी था और दिल्ली में फूड डिलीवरी का काम करता था। उस पर गोली चलाने का आरोप Delhi Police के हेड कांस्टेबल नीरज बलहारा पर लगा है।घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी हेड कांस्टेबल को हरियाणा के रोहतक से गिरफ्तार कर लिया है।