गैस किल्लत पर सियासत तेज: रोहिणी आचार्य का मोदी सरकार पर हमला, कहा–देश में गैस सिलेंडर की भारी कमी
ईरान-इजराइल युद्ध के असर से बिहार में गैस संकट लगातार चौथे दिन भी जारी है। राज्य के कई जिलों में एलपीजी सिलेंडर की किल्लत से आम लोगों की परेशानी बढ़ गई है। हालात ऐसे हैं कि पटना के बाजारों में लोग गैस के विकल्प के तौर पर लकड़ी और कोयले की खरीदारी करने लगे हैं, जिससे इनके दाम भी तेजी से बढ़ गए हैं। बताया जा रहा है कि जिन दुकानों पर पहले एक दिन में.....
ईरान-इजराइल युद्ध के असर से बिहार में गैस संकट लगातार चौथे दिन भी जारी है। राज्य के कई जिलों में एलपीजी सिलेंडर की किल्लत से आम लोगों की परेशानी बढ़ गई है। हालात ऐसे हैं कि पटना के बाजारों में लोग गैस के विकल्प के तौर पर लकड़ी और कोयले की खरीदारी करने लगे हैं, जिससे इनके दाम भी तेजी से बढ़ गए हैं।
बताया जा रहा है कि जिन दुकानों पर पहले एक दिन में मुश्किल से 10 किलो लकड़ी बिकती थी, वहां अब प्रतिदिन करीब तीन क्विंटल तक लकड़ी की बिक्री हो रही है। गैस की कमी का असर होटल, ढाबों और घरों तक साफ दिख रहा है।
राजनीतिक बयानबाजी भी तेज
इधर, दरभंगा में शुक्रवार सुबह 6 बजे से ही गैस एजेंसी के बाहर करीब 500 मीटर लंबी कतार लग गई। अररिया में भी लोग सिलेंडर लेने के लिए घंटों लाइन में खड़े नजर आए। वहीं, मोतिहारी में लाइन में पहले लगने को लेकर दो लोगों के बीच झड़प हो गई।इस बीच गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। वहीं आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है।
देश में गैस सिलेंडर की भारी कमी
रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा -देश में गैस सिलेंडर की भारी कमी है " ये वो कड़वी सच्चाई है , जिससे पूरा देश वाकिफ और परेशान है , मगर झूठ बोलने का कॉपीराइट हासिल कर चुकी मोदी सरकार , भाजपा और उनके मानसिक तौर पर दिवालिया अंधभक्तों के लिए अफवाह है .. मोदी सरकार के लगभग 12 वर्षों के शासनकाल की यही यूएसपी ( USP ) ही रही है कि " हरेक उस कड़वे सच से , जिससे मोदी जी , भाजपा और उनकी सरकार के झूठ की पोल खुलती है , उसे अफवाह बता कर मोदी जी और मोदी सरकार की नाकामी पर पर्दा डाला जाता है " ..।
रोहिणी आचार्य ने सरकार पर तंज
इससे एक दिन पहले भी रोहिणी आचार्य ने सरकार पर तंज कसते हुए पोस्ट किया था। उन्होंने लिखा था कि प्रधानमंत्री की ‘लाइन लगवाओ योजना’ के तहत पहले नोटबंदी में लोगों को लाइन में खड़ा किया गया, फिर कोरोना काल में ऑक्सीजन के लिए और अब गैस सिलेंडर के लिए। बता दें कि फिलहाल गैस की आपूर्ति को लेकर प्रशासन की ओर से लगातार स्थिति सामान्य होने का दावा किया जा रहा है, लेकिन जमीनी स्तर पर लोगों को अभी भी लंबी कतारों और किल्लत का सामना करना पड़ रहा है।













