बिहार में प्री-मानसून की दस्तक: 3 मई तक आंधी-बारिश का दौर जारी
बिहार में मौसम ने अचानक रौद्र रूप धारण कर लिया है। बुधवार को पटना समेत करीब 20 जिलों में तेज आंधी, मूसलाधार बारिश और धूल भरी हवाओं ने जनजीवन को पूरी तरह से प्रभावित कर...
बिहार में मौसम ने अचानक रौद्र रूप धारण कर लिया है। बुधवार को पटना समेत करीब 20 जिलों में तेज आंधी, मूसलाधार बारिश और धूल भरी हवाओं ने जनजीवन को पूरी तरह से प्रभावित कर दिया। कई जगह पेड़ गिरने से हादसे हुए, तो कहीं जलजमाव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं—हालांकि बड़ी अनहोनी टल गई।
आम जनजीवन प्रभावित
बता दें कि बुधवार को पटना समेत बिहार के करीब 20 जिलों में तेज आंधी और भारी बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया। कई इलाकों में धूल भरी आंधी चली, जिससे आम जनजीवन प्रभावित रहा। तेज हवाओं के कारण कई जगह पेड़ उखड़कर सड़कों और घरों पर गिर गए।
पटना में बारिश के बाद कई इलाकों में जलजमाव
बक्सर में आंधी-बारिश के दौरान बड़ा हादसा होते-होते बच गया। कलेक्ट्रेट रोड पर तेज हवा के चलते एक पेड़ ई-रिक्शा पर गिर गया। उस समय ई-रिक्शा में महिला और पुरुष समेत छह लोग सवार थे। सभी को हल्की चोटें आईं, लेकिन कोई गंभीर हानि नहीं हुई।वहीं राजधानी पटना में बारिश के बाद कई इलाकों में जलजमाव की समस्या सामने आई, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए पूरे राज्य में अलर्ट जारी किया है।19 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 19 जिलों में येलो अलर्ट। वहीं 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है। किशनगंज, मधुबनी और सीतामढ़ी में भारी बारिश की संभावना है।
पटना का मौसम
पटना में गुरुवार को बादल छाए रहेंगे और गरज के साथ बारिश होने की संभावना है हालांकि बारिश के बाद उमस बनी रह सकती है।पिछले 24 घंटों में राज्य के अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है, जिससे गर्मी से राहत मिली है।कैमूर: 41.8°C (सबसे ज्यादा), गया: 38.6°C, डेहरी (रोहतास):,38.1°C, छपरा: 37.4°C, औरंगाबाद 37.3°C।
प्री-मानसून गतिविधियां जारी रहेंगी
मौसम विभाग के अनुसार 3 मई तक बिहार में प्री-मानसून गतिविधियां जारी रहेंगी। इस दौरान आंधी, बारिश और ठनका गिरने की घटनाएं होती रहेंगी। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों से दूर रहें,पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े न हों,सुरक्षित स्थानों पर शरण लें।













