बिहार में सार्वजनिक परिवहन होगा और मजबूत, BSRTC चलाएगा 149 नई डीलक्स बसें
बिहार में सार्वजनिक परिवहन को नई रफ्तार देने की दिशा में बिहार स्टेट रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (BSRTC) ने बड़ा फैसला लिया है। होली से पहले राज्य के यात्रियों को राहत देते हुए 149 नई डीलक्स बसों के परिचालन की तैयारी पूरी कर ली गई है। इन बसों के सड़कों पर उतरते ही बिहार की परिवहन व्यवस्था पहले से अधिक आधुनिक, सुरक्षित और भरोसेमंद हो जाएगी।BSRTC....
बिहार में सार्वजनिक परिवहन को नई रफ्तार देने की दिशा में बिहार स्टेट रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (BSRTC) ने बड़ा फैसला लिया है। होली से पहले राज्य के यात्रियों को राहत देते हुए 149 नई डीलक्स बसों के परिचालन की तैयारी पूरी कर ली गई है। इन बसों के सड़कों पर उतरते ही बिहार की परिवहन व्यवस्था पहले से अधिक आधुनिक, सुरक्षित और भरोसेमंद हो जाएगी।BSRTC द्वारा शुरू की जा रही इन नई बसों में 75 एसी डीलक्स और 74 नॉन-एसी डीलक्स बसें शामिल हैं। इन बसों का उद्देश्य यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा में बेहतर आराम, सुरक्षा और सुविधाजनक सफर उपलब्ध कराना है।
दिल्ली समेत 9 राज्यों तक दौड़ेंगी एसी डीलक्स बसें
बता दें कि नई एसी डीलक्स बसों का प्रमुख फोकस अंतरराज्यीय मार्गों पर रखा गया है। ये बसें दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, पश्चिम बंगाल सहित कुल 9 राज्यों के लिए संचालित की जाएंगी। इसके अलावा बिहार के भीतर लंबी दूरी के प्रमुख रूटों पर भी एसी बस सेवा शुरू करने की योजना है, जिससे प्रदेशवासियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिल सके।
घाटे वाले रूट होंगे बंद, बेहतर प्रबंधन से होगा संचालन
परिवहन एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री श्रवण कुमार ने जानकारी दी कि घाटे में चल रहे रूटों की पहचान कर वहां बस परिचालन बंद किया जाएगा। ऐसे रूटों पर बहाल बसों को नई डीलक्स बसों के साथ बेहतर रूट प्रबंधन के तहत समायोजित किया जाएगा, ताकि संसाधनों का अधिकतम और प्रभावी उपयोग हो सके। इतना हीं नहीं BSRTC अंतरराज्यीय बस सेवाओं को सरल और तेज बनाने पर भी लगातार काम कर रहा है। उत्तर प्रदेश के लिए पुराने रूट परमिट के नवीनीकरण की प्रक्रिया चल रही है, जबकि दिल्ली के लिए नए रूटों की सूची अंतिम चरण में है। पंजाब, राजस्थान, मध्य प्रदेश, झारखंड, ओड़िशा और पश्चिम बंगाल के साथ पहले ही एमओयू हो चुके हैं।
त्योहारों में यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत
परिवहन मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि सभी रूटों को बस परिचालन से पहले अधिसूचित किया जाएगा, ताकि किसी भी तरह की प्रशासनिक देरी न हो। इसी क्रम में 7–8 जनवरी को दिल्ली में संबंधित राज्यों के परिवहन मंत्रियों के साथ बैठक प्रस्तावित है।फिलहाल BSRTC के बेड़े में 884 बसें शामिल हैं, जो हर साल लगभग 3 करोड़ यात्रियों को सेवा प्रदान करती हैं। 149 नई डीलक्स बसों के जुड़ने से बिहार की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था और मजबूत होगी। खासकर होली जैसे बड़े त्योहारों के दौरान यात्रियों को सुरक्षित, समयबद्ध और आरामदायक यात्रा का भरोसा मिलेगा।













