राजगीर मलमास मेला 2026: कैरावन बस से लेकर लग्जरी कार तक, पर्यटकों को खास सुविधा
पटना से राजगीर में लगने वाले ऐतिहासिक मलमास मेले में जाने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। Bihar State Tourism Development Corporation ने ...
पटना से राजगीर में लगने वाले ऐतिहासिक मलमास मेले में जाने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। Bihar State Tourism Development Corporation ने विशेष वाहन सुविधा शुरू की है, जिसके तहत लोग अब आरामदायक और वातानुकूलित गाड़ियों से राजगीर की यात्रा कर सकेंगे।
इस नई सुविधा के जरिए पर्यटक न सिर्फ मलमास मेले का आनंद ले पाएंगे, बल्कि राजगीर के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भी भ्रमण कर सकेंगे। इसमें गर्म कुंड, विश्व शांति स्तूप और ग्लास ब्रिज जैसे आकर्षण शामिल हैं।
बजट से लेकर लग्जरी श्रेणी तक की गाड़ियां उपलब्ध
पर्यटन निगम की ओर से परिवार और दोस्तों के साथ यात्रा करने वाले लोगों के लिए बजट से लेकर लग्जरी श्रेणी तक की गाड़ियां उपलब्ध कराई गई हैं। यात्रियों की जरूरत और बजट के अनुसार आल्टो, स्विफ्ट डिजायर, बोलेरो, स्कॉर्पियो, इनोवा क्रिस्टा, ट्रैवलर, विंगर और लग्जरी कैरावन बस जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं।
इस बार कैरावन बस सबसे बड़ा आकर्षण बनी हुई है। इसमें होटल जैसी आधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं, जिनमें हाईटेक किचन, शौचालय, स्लीपर बेड, सोफा, टीवी, फ्रिज और माइक्रोवेव शामिल हैं। करीब 10 लोग एक साथ इस बस में आरामदायक सफर कर सकते हैं। वहीं सात यात्रियों के लिए कैरावन कार की भी व्यवस्था की गई है।
लग्जरी कैरावन बस 75 रुपये प्रति किलोमीटर की दर से उपलब्ध
वाहनों के किराए भी अलग-अलग श्रेणियों में तय किए गए हैं। छोटी कारों का किराया 14 रुपये प्रति किलोमीटर रखा गया है। बोलेरो, स्कॉर्पियो और सफारी जैसी गाड़ियों के लिए 17 रुपये प्रति किलोमीटर, इनोवा क्रिस्टा के लिए 18 रुपये प्रति किलोमीटर तय किए गए हैं। वहीं कैरावन कार 35 रुपये प्रति किलोमीटर और लग्जरी कैरावन बस 75 रुपये प्रति किलोमीटर की दर से उपलब्ध होगी।
पर्यटक ऑनलाइन बुकिंग के लिए bstdc.bihar.gov.in
पर विजिट कर सकते हैं। गाड़ियों और किराए से जुड़ी जानकारी के लिए ट्रांसपोर्ट मैनेजर के मोबाइल नंबर 8544418209. पर संपर्क किया जा सकता है।













