रोहतास में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार थार ने बाइक सवारों को मारी टक्कर, 2 की मौत
बिहार के रोहतास जिले से एक दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना सामने आई है, जहां तेज रफ्तार थार ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में दो युवकों की....
बिहार के रोहतास जिले से एक दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना सामने आई है, जहां तेज रफ्तार थार ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज जारी है। यह घटना बुधवार दोपहर दरिहट थाना क्षेत्र के भड़कुड़िया गांव के पास हुई। जानकारी के अनुसार, भड़कुड़िया गांव निवासी विकास कुमार (28), रुस्तम अंसारी (27) और नागा पासवान एक ही बाइक पर सवार होकर डेहरी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार थार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
50 मीटर तक घसीटता चला गया
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दो युवक सड़क से करीब 20 फीट दूर जा गिरे, जबकि बाइक चला रहा युवक थार के पहिए के नीचे फंस गया और करीब 50 मीटर तक घसीटता चला गया। इस दर्दनाक घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।मृतकों की पहचान विकास कुमार, जो स्वर्गीय सत्यनारायण कुशवाहा के पुत्र थे, और रुस्तम अंसारी, जो मिराज अंसारी के पुत्र थे, के रूप में हुई है। वहीं, तीसरे घायल नागा पासवान का इलाज अस्पताल में जारी है।
गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया
घटना की सूचना मिलते ही दरिहट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया है।
मृतक रुस्तम के चचेरे भाई वसीम ने बताया कि हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने थार चालक को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया।
दरिहट थानाध्यक्ष रविरंजन प्रियदर्शी ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और फरार चालक की तलाश जारी है।













