बिहार में बस यात्रियों को झटका! 1 जून से बढ़ेगा किराया, परिवहन विभाग ने जारी की नई दरें
बिहार में बस से सफर करने वाले यात्रियों को अब अपनी जेब थोड़ी और ढीली करनी पड़ेगी। राज्य के परिवहन विभाग ने यात्री बसों के किराए में 10 से 15 प्रतिशत तक बढ़ोतरी करने का फैसला लिया है। विभाग की ओर से जारी नई अधिसूचना...
बिहार में बस से सफर करने वाले यात्रियों को अब अपनी जेब थोड़ी और ढीली करनी पड़ेगी। राज्य के परिवहन विभाग ने यात्री बसों के किराए में 10 से 15 प्रतिशत तक बढ़ोतरी करने का फैसला लिया है। विभाग की ओर से जारी नई अधिसूचना के अनुसार संशोधित किराया दरें 1 जून 2026 से पूरे राज्य में लागू होंगी।
डीजल कीमत और बढ़ते खर्च का असर
परिवहन विभाग ने किराया बढ़ाने के पीछे डीजल की बढ़ती कीमतों और बस संचालन की लागत में वृद्धि को मुख्य वजह बताया है। नई दरों का असर साधारण, डीलक्स, सेमी डीलक्स और वातानुकूलित (एसी) बसों पर पड़ेगा।
नई किराया दरें
नई अधिसूचना के मुताबिक 50 किलोमीटर तक की यात्रा: ₹1.73 प्रति किलोमीटर (पहले ₹1.50),100 किलोमीटर तक की यात्रा: ₹1.71 प्रति किलोमीटर,300 किलोमीटर से अधिक दूरी: ₹1.65 प्रति किलोमीटर।
परिवहन विभाग ने डीलक्स, सेमी डीलक्स और एसी बसों के किराए में भी बढ़ोतरी की है। नई दरें सभी श्रेणियों की बसों पर लागू होंगी।
बसों में लगाना होगा नया किराया चार्ट
विभाग ने सभी बस संचालकों को निर्देश दिया है कि वे नया किराया चार्ट बस स्टैंड और बसों में स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करें, ताकि यात्रियों को सही जानकारी मिल सके और किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति न बने।जिला प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों को नई किराया व्यवस्था की निगरानी का निर्देश दिया गया है। यदि कोई बस संचालक निर्धारित दर से अधिक किराया वसूलता पाया गया तो उसके खिलाफ मोटरयान अधिनियम, 1988 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
अवैध ठहराव और ओवरलोडिंग पर भी सख्ती
नई अधिसूचना में बसों के संचालन को लेकर भी सख्त निर्देश दिए गए हैं। अब बसों को केवल निर्धारित बस स्टैंड पर ही रुकने की अनुमति होगी। सार्वजनिक स्थानों पर अवैध ठहराव पर रोक लगाई जाएगी।
इसके साथ ही ओवरलोडिंग के मामलों पर भी विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है। तय क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाने पर बस मालिक और चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जल्द जारी होगा रूटवार किराया
एडीटीओ दिव्य प्रकाश ने बताया कि नई किराया दरों की अधिसूचना जारी कर दी गई है। अगले दो से चार दिनों के भीतर विभिन्न रूटों का संशोधित किराया तय कर दिया जाएगा। इसके बाद जून महीने से नई दरें प्रभावी हो जाएंगी।













