जनवरी की ठंड ने बढ़ाई परेशानी, उत्तर बिहार में हालात ज्यादा गंभीर
बिहार में कंपकंपाने वाली ठंड से फिलहाल राहत के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग के ताज़ा पूर्वानुमान के अनुसार, जनवरी के पहले सप्ताह तक राज्य के कई हिस्सों में शीतलहर और घने कोहरे की स्थिति बनी रहेगी। खासकर पश्चिमी बिहार में शीतलहर सामान्य से अधिक प्रभावी रह सकती है, जबकि अन्य हिस्सों में ठंड का असर सामान्य स्तर पर रहेगा। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक.....
बिहार में कंपकंपाने वाली ठंड से फिलहाल राहत के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग के ताज़ा पूर्वानुमान के अनुसार, जनवरी के पहले सप्ताह तक राज्य के कई हिस्सों में शीतलहर और घने कोहरे की स्थिति बनी रहेगी। खासकर पश्चिमी बिहार में शीतलहर सामान्य से अधिक प्रभावी रह सकती है, जबकि अन्य हिस्सों में ठंड का असर सामान्य स्तर पर रहेगा। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी और पश्चिमी विक्षोभ के कारण बिहार में ठंड बढ़ी हुई है। इसके प्रभाव से अगले 5 से 7 दिनों तक कई इलाकों में रात और सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। सात जनवरी तक ठंड से खास राहत मिलने के संकेत नहीं हैं।
बारिश का भी अनुमान
आईएमडी ने दीर्घकालीन पूर्वानुमान में बिहार के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना भी जताई है। वहीं दक्षिण बिहार के जिलों के लिए राहत की खबर है। पटना, गया, भागलपुर, बक्सर सहित कुल 19 जिलों में फिलहाल कोई मौसम अलर्ट जारी नहीं किया गया है। इसका मतलब है कि दिन में धूप निकलने की संभावना है और ठंड से आंशिक राहत मिल सकती है। हालांकि सुबह के समय हल्का कोहरा कहीं-कहीं देखने को मिलेगा।मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को पटना का न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 19.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
उत्तर बिहार में ऑरेंज और येलो अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार उत्तर बिहार के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिम चंपारण, सीवान, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, सहरसा, सुपौल और अररिया सहित सभी 19 जिलों में घना कोहरा छाया हुआ है।गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधेपुरा और पूर्णिया में ‘कोल्ड डे’ की स्थिति रहने का पूर्वानुमान है। 5 जनवरी तक दक्षिण बिहार में कोई चेतावनी नहीं है, लेकिन उत्तर बिहार में लगातार घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी रहेगा। 4 जनवरी तक कुछ जिलों में कोल्ड डे की स्थिति बनी रह सकती है।
तापमान और विजिबिलिटी का हाल
आईएमडी के अनुसार गुरुवार को छपरा और मधुबनी में भीषण कोल्ड डे दर्ज किया गया, जबकि भागलपुर, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर में कोल्ड डे की स्थिति रही।राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस सीवान के जीरादेई में रिकॉर्ड किया गया। पूरे बिहार में न्यूनतम तापमान 5.8 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।वहीं सबसे अधिक अधिकतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस किशनगंज में दर्ज किया गया। गुरुवार को सबसे कम दृश्यता (विजिबिलिटी) 20 मीटर भागलपुर में रही। बिहार में ठंड और कोहरे का असर अभी कुछ दिन और बना रहेगा। खासकर उत्तर बिहार के लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है, जबकि दक्षिण बिहार में दिन के समय हल्की राहत मिल सकती है।













