हथियारों का प्रदर्शन पड़ा भारी, JDU विधायक अनंत सिंह समेत 9 पर केस

बिहार में कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सियासी हलचल तेज हो गई है। मोकामा से जदयू विधायक और बाहुबली नेता अनंत सिंह के खिलाफ गोपालगंज पुलिस ने FIR दर्ज की है। यह कार्रवाई मीरगंज में आयोजित एक जनेऊ संस्कार कार्यक्रम के दौरान कथित तौर पर हथियार प्रदर्शन...

हथियारों का प्रदर्शन पड़ा भारी, JDU विधायक अनंत सिंह समेत 9 पर केस

बिहार में कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सियासी हलचल तेज हो गई है। मोकामा से जदयू विधायक और बाहुबली नेता अनंत सिंह के खिलाफ गोपालगंज पुलिस ने FIR दर्ज की है। यह कार्रवाई मीरगंज में आयोजित एक जनेऊ संस्कार कार्यक्रम के दौरान कथित तौर पर हथियार प्रदर्शन और डांस काा वीडियो वायरल होने के बाद की गई है। मामला 2 और 3 अप्रैल को गोपालगंज के मीरगंज थाना क्षेत्र स्थित सेमराव गांव का है, जहां गुड्डू राय के घर जनेऊ संस्कार का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में अनंत सिंह अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ शामिल हुए थे। आयोजन में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे और मेहमानों के लिए ठहरने तथा खाने-पीने की विशेष व्यवस्था की गई थी।

एसपी विनय तिवारी के निर्देश पर हथुआ SDPO द्वारा वीडियो की जांच 

इसी दौरान सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें कथित तौर पर समर्थकों द्वारा खुलेआम हथियार लहराते और प्रदर्शन करते हुए देखा गया। इसके साथ ही कार्यक्रम में अश्लील डांस होने का भी आरोप है, जिसमें अनंत सिंह को तालियां बजाते हुए देखा गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया और मामले की जांच शुरू कर दी गई। एसपी विनय तिवारी के निर्देश पर हथुआ SDPO द्वारा वीडियो की जांच की गई, जिसमें कुछ लोगों की पहचान की गई जो हथियार प्रदर्शन और कार्यक्रम में शामिल थे। जांच के बाद मीरगंज थाना कांड संख्या-247/26 (दिनांक 04.05.26) दर्ज करते हुए 9 नामजद और कई अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।

सार्वजनिक स्थान पर अश्लील डांस और शांति भंग करने जैसे आरोप 

पुलिस ने जिन लोगों को नामजद किया है उनमें आयोजक गुड्डू राय, उत्सव राय, प्रियांशु कुमार, टिशू राय, सौरव कुमार राय, विशाल राय, सुनील यादव के साथ-साथ अनंत सिंह और गुंजन सिंह शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, जांच में यह सामने आया है कि समारोह के दौरान लाइसेंसी और प्रतिबंधित हथियारों का प्रदर्शन किया गया, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बना। साथ ही सार्वजनिक स्थान पर अश्लील डांस और शांति भंग करने जैसे आरोप भी दर्ज किए गए हैं। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर आगे की कार्रवाई और जांच में जुटी हुई है।