पटना-बख्तियारपुर फोरलेन पर दर्दनाक हादसा: बिहार ग्रामीण कार्य विभाग की बोर्ड लगी कार बनी काल, मजदूर को कुचला
पटना-बख्तियारपुर फोरलेन (NH-30) पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवा मजदूर की जान चली गई। कोका‑कोला कंपनी की फैक्ट्री के पास हुए इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने शव के साथ नेशनल हाईवे जाम कर दिया। इसके कारण सड़क के दोनों ओर करीब 5 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात ...
पटना-बख्तियारपुर फोरलेन (NH-30) पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवा मजदूर की जान चली गई। कोका‑कोला कंपनी की फैक्ट्री के पास हुए इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने शव के साथ नेशनल हाईवे जाम कर दिया। इसके कारण सड़क के दोनों ओर करीब 5 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
अनियंत्रित कार ने पहले ट्रक को मारी टक्कर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बिहार सरकार के ग्रामीण कार्य विभाग बोर्ड लगी एक सफेद रंग की एक कार पटना से बख्तियारपुर की ओर जा रही थी। कोका-कोला फैक्ट्री के पास चालक अचानक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।हादसे के बाद कार में सवार लोग सुरक्षित निकल गए, लेकिन वे मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गए।इसी दौरान पास के एक गोदाम में काम करने वाला मजदूर नाश्ता कर वापस लौट रहा था। अनियंत्रित कार ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल मजदूर को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान जम्मू के युवक के रूप में
पुलिस ने मृतक की पहचान जम्मू के उधमपुर निवासी अरुण कुमार (22 वर्ष) के रूप में की है। वह रोजी-रोटी की तलाश में फतुहा आया था और यहां एक निजी गोदाम में मजदूरी करता था।घटना से नाराज स्थानीय लोगों और ग्रामीणों ने मृतक के शव के साथ हाईवे जाम कर दिया। लोगों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने और फरार कार सवारों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। जाम के कारण यात्रियों को घंटों परेशानी झेलनी पड़ी।
ग्रामीण कार्य विभाग की कार होने की आशंका, जांच जारी
दुर्घटनाग्रस्त कार पर बिहार ग्रामीण कार्य विभाग का बोर्ड लगा हुआ था, जिससे मामला और गंभीर हो गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कार सवारों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। साथ ही, पूरे मामले की जांच कर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।













