जहानाबाद नीट छात्रा मौत कांड पर सियासी संग्राम, नेताओं के बीच ‘हाथी-बंदर’ वाली बयानबाज़ी से बढ़ा विवाद
बिहार में जहानाबाद की एक नीट छात्रा की संदिग्ध मौत का मामला अब सिर्फ जांच का विषय नहीं, बल्कि बड़ा सियासी मुद्दा बन गया है। इस संवेदनशील कांड को लेकर सत्ता और विपक्ष आमने-सामने हैं, और नेताओं के बयान का स्तर इतना गिर गया है कि इशारों-इशारों में एक-दूसरे की तुलना जानवरों से की जा रही है। पटना के शंभू हॉस्टल में रहकर नीट की तैयारी कर....
बिहार में जहानाबाद की एक नीट छात्रा की संदिग्ध मौत का मामला अब सिर्फ जांच का विषय नहीं, बल्कि बड़ा सियासी मुद्दा बन गया है। इस संवेदनशील कांड को लेकर सत्ता और विपक्ष आमने-सामने हैं, और नेताओं के बयान का स्तर इतना गिर गया है कि इशारों-इशारों में एक-दूसरे की तुलना जानवरों से की जा रही है।
पटना के शंभू हॉस्टल में रहकर नीट की तैयारी कर रही छात्रा की संदिग्ध मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
जांच सीबीआई को सौंपने की अनुशंसा
बता दें कि सरकारी अस्पताल की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यौन उत्पीड़न की संभावना से इनकार नहीं किया गया है। छात्रा के इनरवियर पर पुरुष सीमेन मिलने की पुष्टि ने मामले को और गंभीर बना दिया है। इस बीच आरोप लगे कि पटना पुलिस इस केस को आत्महत्या बताकर बंद करने की तैयारी में थी, जिससे मामला और तूल पकड़ गया।मामले की गंभीरता और बढ़ते राजनीतिक दबाव को देखते हुए राज्य सरकार ने जांच सीबीआई को सौंपने की अनुशंसा की। 12 फरवरी को सीबीआई ने जांच अपने हाथ में ले ली और पटना से जहानाबाद तक साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया जारी है।
सरकार और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल
इस कांड को लेकर राजनीति भी तेज हो गई है। पूर्णिया सांसद पप्पू यादव लगातार सरकार और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे थे। इसी बीच शुक्रवार को बिहार विधानसभा में डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने पप्पू यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि वे अनर्गल बयानबाज़ी करते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब खुद एक मामले में गिरफ्तार हुए तो बीमार होने लगे। उन्होंने यह भी कहा कि बिहार इतना बदल चुका है कि पुलिस के डर से ‘हाथी’ भी अस्पताल पहुंच जाता है।
पप्पू यादव ने तीखी प्रतिक्रिया दी
वहीं सम्राट चौधरी के इस बयान पर पप्पू यादव ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर इशारों-इशारों में पलटवार करते हुए लिखा कि अब बिहार ‘बंदर के हाथ में’ चला गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्वाभिमान की पगड़ी उतारकर कमीशन के लिए उसे गमछा बना लिया गया है।पप्पू यादव के इस बयान के बाद सियासी माहौल और गरमा गया है। जहानाबाद छात्रा मौत कांड अब जांच के साथ-साथ राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का केंद्र बन चुका है। जहां एक ओर सीबीआई सच्चाई तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है, वहीं दूसरी ओर नेताओं की बयानबाज़ी इस संवेदनशील मामले को और ज्यादा विवादित बना रही है। अब सबकी निगाहें सीबीआई जांच की दिशा और निष्कर्ष पर टिकी हैं, जिससे इस पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके













