सात महीने बाद जेल से रिहा हुए बाहुबली अनंत सिंह, बोले - मोकामा से लड़ूंगा चुनाव:,आज पटना से अपने गांव नदवां जाएंगे
बिहार की सियासत में एक बार फिर हलचल मच गई है। मोकामा के पूर्व विधायक और बाहुबली नेता अनंत सिंह आखिरकार 7 महीने बाद जेल से रिहा हो गए हैं। बुधवार शाम बेऊर जेल से बाहर आने के बाद उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि वे फिर से चुनावी मैदान में उतरेंगे और इस बार नीतीश कुमार की पार्टी से मोकामा से विधानसभा चुनाव...

बिहार की सियासत में एक बार फिर हलचल मच गई है। मोकामा के पूर्व विधायक और बाहुबली नेता अनंत सिंह आखिरकार 7 महीने बाद जेल से रिहा हो गए हैं। बुधवार शाम बेऊर जेल से बाहर आने के बाद उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि वे फिर से चुनावी मैदान में उतरेंगे और इस बार नीतीश कुमार की पार्टी से मोकामा से विधानसभा चुनाव लड़ेंगे।
रिहाई के बाद सियासी तेवर में दिखे अनंत सिंह
जेल से बाहर निकलते ही मीडिया से बातचीत में अनंत सिंह ने कहा कि मैं मोकामा से नीतीश कुमार की पार्टी से चुनाव लड़ूंगा। दावा किया कि मोकामा में जो भी उनके सामने होगा, उसकी जमानत जब्त हो जाएगी।वहीं तेजस्वी यादव पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि राजद इस बार 15 सीटों पर सिमट जाएगी और नीतीश कुमार दोबारा मुख्यमंत्री बनेंगे।
आज मोकामा के लिए निकलेंगे
बता दें कि आज गुरुवार को अनंत सिंह पटना से मोकामा के लिए रवाना होंगे। NH-31 से बख्तियारपुर, अथमलगोला और बाढ़ होते हुए मोकामा जाएंगे। इस दौरान कई जगह लोग उनका स्वागत भी करेंगे। बख्तियारपुर, बाढ़ के दाहौर और भुवनेश्वरी चौक के पास स्वागत होगा। इसके बाद वो मोकामा विधानसभा क्षेत्र जाएंगे।बता दें कि मोकामा जाने के दौरान एनएच किनारे रहने वाले ढीबर, रैली, पंडारक, मेकरा, सुल्तानपुर, बरहपुर और शिवनार गांव के लोग भी उनका स्वागत करेंगे। मोकामा पहुंचकर अनंत सिंह परशुराम स्थान में पूजा करेंगे। इसके बाद उनका काफिला हाथीदह, मरांची होते हुए बाहापुर तक जाएगा, जहां वे जनता से मिलेंगे। इसके बाद वे लखीसराय के बड़हिया में मां महारानी मंदिर में आशीर्वाद लेकर अपने पैतृक गांव नदवां पहुंचेंगे।
दिखा बाहुबली अंदाज़
जेल से रिहाई के बाद अनंत सिंह का अंदाज़ एक बार फिर चर्चा में आ गया। करीब 3 करोड़ की लैंड क्रूज़र कार में बैठकर वे पटना स्थित अपने आवास के लिए निकले। काफिले में सैकड़ों समर्थक, बाइक रैली और उत्साही नारेबाज़ी देखी गई।मंगलवार को पटना हाईकोर्ट ने उन्हें मोकामा गोलीकांड मामले में ज़मानत दी थी। बुधवार को वे बेऊर जेल से बाहर निकले। अनंत सिंह की रिहाई को लेकर उनके समर्थकों में खासा उत्साह और जोश देखा गया।