सड़क पर पैदल चलना होगा सुरक्षित!, CM नीतीश कुमार का बड़ा ऐलान, परिवहन विभाग को मिला निर्देश

सड़कों पर पैदल चलने वाले लोगों की सुरक्षा और सुविधा को लेकर बिहार के मुख्यमंत्री  नीतीश कुमार ने बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने साफ कहा कि सड़क सिर्फ वाहनों के लिए नहीं, बल्कि पैदल चलने वाले लोगों के लिए भी बराबर की है और उन्हें सुरक्षित तथा सम्मानजनक माहौल देना सरकार की जिम्मेदारी है। इस दिशा में सरकार ने ठोस कदम उठाने का निर्णय लिया है।नई सरकार के ‘सात निश्चय-3’ कार्यक्रम....

सड़क पर पैदल चलना होगा सुरक्षित!, CM नीतीश कुमार का बड़ा ऐलान, परिवहन विभाग को मिला निर्देश

सड़कों पर पैदल चलने वाले लोगों की सुरक्षा और सुविधा को लेकर बिहार के मुख्यमंत्री  नीतीश कुमार ने बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने साफ कहा कि सड़क सिर्फ वाहनों के लिए नहीं, बल्कि पैदल चलने वाले लोगों के लिए भी बराबर की है और उन्हें सुरक्षित तथा सम्मानजनक माहौल देना सरकार की जिम्मेदारी है। इस दिशा में सरकार ने ठोस कदम उठाने का निर्णय लिया है।नई सरकार के ‘सात निश्चय-3’ कार्यक्रम के तहत इस पहल को लागू किया जा रहा है। इसके सातवें संकल्प ‘सबका सम्मान–जीवन आसान’ के अंतर्गत आम लोगों की दैनिक जिंदगी को सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने पर विशेष जोर दिया गया है।

दोपहिया और चारपहिया वाहनों की संख्या तेजी से बढ़ी है
मुख्यमंत्री ने बताया कि बिहार में पिछले कुछ वर्षों में लोगों की आय में वृद्धि हुई है, जिससे सड़कों पर दोपहिया और चारपहिया वाहनों की संख्या तेजी से बढ़ी है। ऐसे में पैदल चलने वाले लोगों को कई तरह की कठिनाइयों और दुर्घटना के खतरे का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि सड़क पर सुरक्षित चलना हर नागरिक का अधिकार है, और सरकार इसे सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

पैदल यात्रियों की सुरक्षा के लिए सरकार के अहम कदम
सरकार ने परिवहन विभाग को निर्देश दिया है कि शहरों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में प्राथमिकता के आधार पर फुटपाथ बनाए जाएं, ताकि पैदल यात्रियों को सुरक्षित रास्ता मिल सके। जहां जरूरत होगी, वहां जेब्रा क्रॉसिंग बनाई जाएगी, जिससे लोग आसानी और सुरक्षा के साथ सड़क पार कर सकें।इसके अलावा चयनित स्थानों पर फुट ओवरब्रिज, एस्केलेटर और अंडरपास का निर्माण किया जाएगा, ताकि लोगों को व्यस्त सड़कों को पार करने में किसी तरह की परेशानी न हो। सरकार वाहन चालकों को भी प्रशिक्षण देगी, जिससे वे पैदल यात्रियों के अधिकारों और सुरक्षा के प्रति अधिक जागरूक और संवेदनशील बन सकें।

रोजमर्रा की जिंदगी पहले से अधिक आसान और सुरक्षित बनेगी
साथ ही, जिन स्थानों पर सड़क दुर्घटनाएं अधिक होती हैं, उन्हें ‘ब्लैक स्पॉट’ के रूप में चिन्हित किया जाएगा। इन जगहों पर फुटपाथ का निर्माण, सीसीटीवी कैमरों की स्थापना और अन्य सुरक्षा उपाय किए जाएंगे, ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इन कदमों से पैदल चलने वाले लोगों की सुरक्षा मजबूत होगी और उनकी रोजमर्रा की जिंदगी पहले से अधिक आसान और सुरक्षित बनेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि इन योजनाओं को तेजी से लागू किया जाए, ताकि आम जनता को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।