पटना के नौबतपुर में विजिलेंस रेड, रिश्वत लेते कर्मचारी गिरफ्तार

पटना जिले के नौबतपुर प्रखंड से भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की खबर सामने आई है। बिहार सरकार के निगरानी विभाग ने बुधवार को बाल विकास परियोजना कार्यालय में छापेमारी ...

पटना के नौबतपुर में विजिलेंस रेड, रिश्वत लेते कर्मचारी गिरफ्तार

पटना जिले के नौबतपुर प्रखंड से भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की खबर सामने आई है। बिहार सरकार के निगरानी विभाग ने बुधवार को बाल विकास परियोजना कार्यालय में छापेमारी कर कंप्यूटर ऑपरेटर संतोष कुमार को 37 हजार 100 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद सीडीपीओ कार्यालय समेत पूरे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।

निगरानी विभाग से शिकायत

जानकारी के मुताबिक, आंगनवाड़ी पर्यवेक्षिका सुशीला देवी ने निगरानी विभाग से शिकायत की थी कि कार्यालय में तैनात कंप्यूटर ऑपरेटर संतोष कुमार विभागीय काम और फाइल आगे बढ़ाने के नाम पर लगातार रिश्वत की मांग कर रहा था। आरोप है कि लंबे समय से हो रही इस अवैध मांग और मानसिक दबाव से परेशान होकर उन्होंने इसकी लिखित शिकायत निगरानी विभाग को दी।

 पूरे मामले की गुप्त जांच

शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने पूरे मामले की गुप्त जांच कराई। जांच में रिश्वत मांगने के आरोप सही पाए गए, जिसके बाद निगरानी डीएसपी सुजीत सागर के नेतृत्व में विशेष धावा दल का गठन किया गया। टीम ने आरोपी को रंगे हाथ पकड़ने के लिए पूरी रणनीति तैयार की।

मौके से रिश्वत की पूरी रकम बरामद 

बुधवार को तय योजना के तहत जैसे ही सुशीला देवी ने आरोपी ऑपरेटर को 37,100 रुपये दिए, वैसे ही पहले से सादे लिबास में मौजूद निगरानी टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया। मौके से रिश्वत की पूरी रकम बरामद कर ली गई।गिरफ्तारी के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। निगरानी विभाग अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रहा है।