बिहार में मौसम का मिजाज बदला, बारिश और तेज हवाओं का ऑरेंज अलर्ट जारी

बिहार की राजधानी पटना समेत पूरे राज्य में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शनिवार को...

बिहार में मौसम का मिजाज बदला, बारिश और तेज हवाओं का ऑरेंज अलर्ट जारी

बिहार की राजधानी पटना समेत पूरे राज्य में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शनिवार को पूरे बिहार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, राज्य में तेज बारिश के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, वहीं कई जिलों में आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा बना हुआ है।

‎किशनगंज और बांका में तेज बारिश

‎सुबह से ही पटना, नालंदा सहित कई इलाकों में आसमान में बादल छाए हुए हैं और ठंडी हवाएं चल रही हैं। वहीं इससे पहले शुक्रवार को किशनगंज और बांका में तेज बारिश दर्ज की गई। बारिश का असर गोपालगंज में भी देखने को मिला, जहां सदर अस्पताल परिसर पानी से भरकर तालाब जैसा नजर आया। वहीं बेगूसराय में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई।

‎बारिश के चलते कई जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई

‎बता दें कि पिछले 24 घंटों में मुजफ्फरपुर, मोतिहारी, बेतिया, बगहा, रक्सौल और शिवहर में तेज बारिश हुई। वहीं अररिया और किशनगंज में हल्की बारिश से मौसम सुहावना बना रहा।बारिश के चलते कई जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। कैमूर में तापमान करीब 5 डिग्री गिरकर 36.8°C पहुंच गया, जबकि इससे पहले यह 41°C के आसपास था। वहीं रोहतास में तापमान में 9 डिग्री की बड़ी गिरावट दर्ज की गई—44°C से घटकर 35°C पर आ गया। सबसे कम तापमान जहानाबाद में 31.5°C रिकॉर्ड किया गया।

‎2 से 4 मई के बीच राज्य में तेज हवाएं चलेंगी

‎मौसम विभाग के अनुसार, 2 से 4 मई के बीच राज्य में तेज हवाएं चलेंगी, जिनकी रफ्तार 50 किमी/घंटा तक रह सकती है और 4 मई को कुछ जगहों पर यह 60 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है हालांकि, अगले 3-4 दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी होने की संभावना है, जिससे गर्मी फिर से बढ़ सकती है। रात के तापमान में भी हल्की वृद्धि दर्ज की जाएगी, जिससे उमस बढ़ेगी।वहीं मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी पटना में अगले तीन दिनों तक बादल छाए रहने और रुक-रुक कर बारिश होने के आसार हैं। गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे मौसम अस्थिर बना रहेगा और लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।