पटना में रेप पीड़िता की मौत के विरोध में यूथ कांग्रेस ने किया प्रदर्शन, निकाला विरोध मार्च ,दिलीप जायसवाल बोले-दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी

सरकार और स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही के कारण बिहार के मुजफ्फरपुर से पटना आई 11 साल की रेप पीड़ित बच्ची की रविवार को PMCH में इलाज के दौरान मौत हो गई है। बच्ची शनिवार सुबह 11 बजे से करीब 9 घंटे तक PMCH के बाहर एम्बुलेंस में तड़पती रही। रात करीब 8.30 बजे के करीब उसको एडमिट किया गया लेकिन रविवार सुबह पीड़िता की मौत हो गई। वहीं बच्ची की मौत के विरोध ...

पटना में रेप पीड़िता की मौत के विरोध में यूथ कांग्रेस ने किया प्रदर्शन, निकाला विरोध मार्च ,दिलीप जायसवाल बोले-दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी

सरकार और स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही के कारण बिहार के मुजफ्फरपुर से पटना आई 11 साल की रेप पीड़ित बच्ची की रविवार को PMCH में इलाज के दौरान मौत हो गई है। बच्ची शनिवार सुबह 11 बजे से करीब 9 घंटे तक PMCH के बाहर एम्बुलेंस में तड़पती रही। रात करीब 8.30 बजे के करीब उसको एडमिट किया गया लेकिन रविवार सुबह पीड़िता की मौत हो गई। वहीं बच्ची की मौत के विरोध में कांग्रेस ने आज यानी सोमवार को 'हल्ला बोल' मार्च निकाला। 

सैंकड़ों कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया

बता दें कि सदाकत आश्रम से कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम और यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु सीएम को ज्ञापन देने के लिए दोपहर करीब 1 बजे निकले थे। जिसमें सैंकड़ों कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नीतीश कुमार और स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पीड़ित परिवार के लिए न्याय की मांग की। बता दें कि पुलिस-प्रशासन ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को राजा पुल पर ही रोक दिया। पुलिस ने पहले से बैरिकेडिंग कर रखी थी। भारी फोर्स भी तैनात दिखी।

कार्यकर्ता और पुलिस में नोकझोंक 

यहां कार्यकर्ता और पुलिस में नोकझोंक हुई। प्रदर्शनकारी बैरिकेड्स को तोड़ने की कोशिश कर रहे थे। उस पर चढ़कर नारेबाजी की गई। बहस के बाद यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु और बिहार यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष शिव प्रकाश गरीबदास को पुलिस अपने साथ गाड़ी में लेकर गई है। कांग्रेस ने PMCH में इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। 31 मई को करीब 4 घंटे की जद्दोजहद के बाद बच्ची को भर्ती किया गया था। तब तक वो एंबुलेंस में ही जिंदगी-मौत के बीच जूझती रही।

'दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी-दिलीप जायसवाल 

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि 'बीजेपी बलात्कारियों के साथ घूमने वाले लोग हैं। वो बच्ची 4 घंटे एंबुलेंस में जीवन-मौत से लड़ती रही। ऐसे गंभीर मसले पर सवाल उठाने को बीजेपी राजनीति बता रही है। वहीं इस मामले में BJP प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा है कि 'दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी। यह बहुत दुखद घटना है, कांग्रेस को इस पर राजनीति नहीं करनी चाहिए।'जब वो लोग बच्ची को भर्ती करवाने गए थे, तो वो कांग्रेस के नेता नहीं बल्कि एक इंसान थे। इस मामले पर अगर राजनीति करते हैं, तो ये बहुत बुरी बात है।