अब खान सर पर दर्ज कराएंगे हत्या का केस, कोर्ट से लेकर सड़क तक आर-पार के मूड में..रौशन आनंद के वकील का बड़ा दावा..?
पटना के दो दिग्गज शिक्षक फैजल खान उर्फ खान सर और ज्ञान बिंदु जीएस एकेडमी के संचालक रौशन आनंद सर के बीच चल रहा विवाद थमने के बजाय अब एक बड़े मामले में तब्दील होता दिख रहा है। रौशन आनंद के वकील निरंजन कुमार सिंह ने कहा है कि वे रौशन आनंद के छोटे भाई प्रिंस यादव की मौत मामले में खान सर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कराने जा रहे हैं।
DESWA MEWS : पटना के दो दिग्गज शिक्षक फैजल खान उर्फ खान सर और ज्ञान बिंदु जीएस एकेडमी के संचालक रौशन आनंद सर के बीच चल रहा विवाद थमने के बजाय अब एक बड़े मामले में तब्दील होता दिख रहा है। रौशन आनंद के वकील निरंजन कुमार सिंह ने कहा है कि वे रौशन आनंद के छोटे भाई प्रिंस यादव की मौत मामले में खान सर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कराने जा रहे हैं।
इसके साथ ही इस पूरे प्रकरण की सीबीआई जांच की मांग भी की जाएगी। वकील के इस बयान के बाद पटना के कोचिंग जगत से लेकर प्रशासनिक महकमे तक में हड़कंप मच गया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए रौशन आनंद के कानूनी सलाहकार निरंजन कुमार सिंह ने साफ किया कि जब रौशन आनंद जेल में बंद थे, उसी दौरान नेपाल में उनके छोटे भाई प्रिंस यादव की बेहद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। रौशन आनंद ने जेल से बाहर आने के बाद पहले भी सार्वजनिक तौर पर खान सर पर इस साजिश में शामिल होने का सीधा आरोप लगाया था।
अब उनके वकील ने स्पष्ट कर दिया है कि वे इस मामले को कानूनी अंजाम तक ले जाएंगे और खान सर के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। वकील निरंजन कुमार सिंह के मुताबिक, चूंकि मामला अंतरराष्ट्रीय सीमा (भारत-नेपाल) से जुड़ा है और इसमें देश के एक रसूखदार चेहरे का नाम आ रहा है, इसलिए राज्य पुलिस की जांच के साथ-साथ वे केंद्र सरकार और अदालत से सीबीआई जांच की गुहार लगाएंगे। कानूनी जानकारों का मानना है कि अगर इस मामले में औपचारिक शिकायत दर्ज होती है, तो आने वाले दिनों में खान सर की मुश्किलें बढ़ सकती हैं और उन्हें पूछताछ का सामना करना पड़ सकता है।
बता दें कि कुछ समय पहले तक यह विवाद महज कोचिंग सेंटरों के बीच छात्र खींचने और व्यावसायिक प्रतिस्पर्धा तक सीमित माना जा रहा था। दोनों ही शिक्षकों की छात्र-छात्राओं के बीच लोकप्रियता है। लेकिन, जेल यात्रा और अब सीधे तौर पर मर्डर केस दर्ज कराने की चेतावनी ने इस पूरे विवाद को एक बेहद गंभीर आपराधिक मोड़ दे दिया है। फिलहाल इस पूरे मामले पर खान सर या उनकी कानूनी टीम की तरफ से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।













