नालंदा में दर्दनाक हादसा: 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार की चपेट में आई मजदूरों से भरी बस, दंपती की मौत, आठ झुलसे

पावापुरी थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध समवशरण मंदिर के समीप मजदूरों से भरी एक यात्री बस 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आ गई। इस दिल दहला देने वाले हादसे में करंट लगने से एक दंपती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ अन्य मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए।

नालंदा में दर्दनाक हादसा: 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार की चपेट में आई मजदूरों से भरी बस, दंपती की मौत, आठ झुलसे

DESWA DESK : नालंदा जिले में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। पावापुरी थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध समवशरण मंदिर के समीप मजदूरों से भरी एक यात्री बस 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आ गई। इस दिल दहला देने वाले हादसे में करंट लगने से एक दंपती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ अन्य मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों को इलाज के लिए आनन-फानन में पावापुरी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (विम्स) में भर्ती कराया गया है, जहां पांच लोगों की स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है।

बताया जा रहा है कि बस पर करीब 60 मजदूर सवार थे। ये सभी मजदूर नरकटिया स्थित एक ईंट-भट्ठे पर काम खत्म करने के बाद अपने गांव घोसरावां लौट रहे थे। सफर के दौरान बस की छत पर यात्रियों का सामान और एक साइकिल भी रखी गई थी। जैसे ही बस समवशरण मंदिर के पास पहुंची, छत पर रखी साइकिल ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन बिजली तार के संपर्क में आ गई।

साइकिल का तार से स्पर्श होते ही पूरी बस में तेज करंट दौड़ गया। बिजली का झटका लगते ही बस के भीतर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के लिए यात्री इधर-उधर भागने लगे, लेकिन तब तक करंट की चपेट में आने से एक दंपती ने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से झुलसे हुए लोगों को तुरंत पावापुरी मेडिकल कॉलेज भेजा गया। अस्पताल प्रशासन को अलर्ट पर रखा गया है और डॉक्टरों की टीम गंभीर रूप से घायल पांच मजदूरों की जान बचाने में जुटी है। हादसे के बाद पीड़ित परिवारों में कोहराम मचा हुआ है, वहीं पुलिस मामले की जांच कर रही है।