पटना के हॉस्टल में NEET की छात्रा ने किया सुसाइड, कमरे में फंदे से लटका मिला शव, रोते हुए दोस्त से कहा था- माता-पिता बात नहीं करते

राजधानी पटना के पत्रकार नगर थाना क्षेत्र से एक बेहद दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां  NEET की तैयारी कर रही 17 वर्षीय एक छात्रा ने हॉस्टल के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मंगलवार को सचिवालय कॉलोनी (रोड नंबर 2 A/26) स्थित राधे कृष्णा हॉस्टल में उसका शव फंदे से लटकता हुआ मिला।

 पटना के हॉस्टल में NEET की छात्रा ने किया सुसाइड, कमरे में फंदे से लटका मिला शव, रोते हुए दोस्त से कहा था- माता-पिता बात नहीं करते

DESWA DESK : राजधानी पटना के पत्रकार नगर थाना क्षेत्र से एक बेहद दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां  NEET की तैयारी कर रही 17 वर्षीय एक छात्रा ने हॉस्टल के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मंगलवार को सचिवालय कॉलोनी (रोड नंबर 2 A/26) स्थित राधे कृष्णा हॉस्टल में उसका शव फंदे से लटकता हुआ मिला।

मृतका की पहचान समस्तीपुर जिले की रहने वाली श्रुति कुमारी (17) के रूप में हुई है, जो साल 2024 से पटना में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा (NEET) की तैयारी कर रही थी।

दोस्त से आखिरी बातचीत, मुझसे कोई बात नहीं करता
हॉस्टल की ओनर आभा सिंह के मुताबिक, श्रुति सोमवार की रात सामान्य रूप से खा-पीकर अपने कमरे में सोने गई थी। हालांकि, मौत के कुछ समय पहले उसने अपने एक दोस्त से फोन पर बात की थी। बातचीत के दौरान श्रुति काफी परेशान थी और रो रही थी। श्रुति ने रोते हुए अपने दोस्त से कहा था कि मुझसे मेरे माता-पिता भी बात नहीं करते हैं। इस पर दोस्त ने उसे ढांढस बंधाते हुए कहा था, कोई गलत कदम मत उठाना, सब ठीक हो जाएगा। तुम अपने माता-पिता के पास घर चली जाओ।

बेहद शांत स्वभाव की थी श्रुति
हॉस्टल ओनर ने बताया कि श्रुति बेहद शांत स्वभाव की थी। NEET का कोर्स खत्म होने के बाद वह अपने गांव चली गई थी और अभी महज 10 दिन पहले ही वापस पटना लौटी थी।

रिश्तेदार का दावा: कोई लड़का परेशान कर रहा था
इस पूरे मामले में एक नया मोड़ तब आया जब मृतका के रिश्तेदार (मौसा) अमरेंद्र कुमार कर्ण ने एक लड़के पर प्रताड़ना का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि श्रुति की मां एक शिक्षिका हैं और पिता किसान हैं। सुबह एक मीटिंग के दौरान उनकी पत्नी के फोन पर लगातार कॉल्स आ रहे थे। जब उन्होंने फोन उठाया, तब उन्हें इस अनहोनी की जानकारी मिली। हॉस्टल पहुँचने पर उन्हें पता चला कि कोई लड़का पिछले काफी समय से श्रुति को लगातार परेशान कर रहा था, जिससे वह मानसिक तनाव में थी।

पुलिस मामले की जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पत्रकार नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस हॉस्टल के अन्य छात्रों, ओनर और मृतका के परिजनों से पूछताछ कर रही है। साथ ही, श्रुति के मोबाइल की कॉल डिटेल्स (CDR) खंगाली जा रही है ताकि उस 'दोस्त' और परेशान करने वाले कथित लड़के की पहचान की जा सके। पुलिस हर एंगल से मामले की तफ्तीश में जुट गई है।