प्रशांत किशोर को एक और बड़ा झटका, फिल्म डायरेक्टर चेतना झांब भी जन सुराज छोड़ बीजेपी में शामिल
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर पटना में जारी सियासी घमासान के बीच जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर (पीके) को एक और बड़ा झटका लगा है। फिल्म डायरेक्टर और जन सुराज की प्रमुख चेहरा रहीं चेतना झांब ने पार्टी को अलविदा कह दिया है। चेतना झांब ने आज भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली।
DESWA DESK : बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर पटना में जारी सियासी घमासान के बीच जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर (पीके) को एक और बड़ा झटका लगा है। फिल्म डायरेक्टर और जन सुराज की प्रमुख चेहरा रहीं चेतना झांब ने पार्टी को अलविदा कह दिया है। चेतना झांब ने आज भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली।
केवल जन सुराज ही नहीं, बल्कि विपक्षी खेमे के अन्य दलों में भी आज बड़ी सेंधमारी हुई है। फतुहा की प्रखंड प्रमुख श्रुति और विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के नेता आनंद मधुकर यादव ने भी अपने समर्थकों के साथ भाजपा का दामन थाम लिया है। पटना स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह में इन सभी नेताओं को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता दिलाई गई।
राजनीतिक गलियारों में चेतना झांब का जन सुराज छोड़ना प्रशांत किशोर के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है। चेतना न सिर्फ बांकीपुर, बल्कि पटना के शहरी क्षेत्रों में जन सुराज के अभियान को धार दे रही थीं। बांकीपुर उपचुनाव से ठीक पहले उनका भाजपा में शामिल होना प्रशांत किशोर के चुनावी समीकरणों को बिगाड़ सकता है।
भापजा के गढ़ बांकीपुर में जहां एक तरफ प्रशांत किशोर खुद उपचुनाव में उतरकर बीजेपी को चुनौती दे रहे हैं, वहीं भाजपा ने जन सुराज के कई प्रमुख नेताओं को पार्टी में शामिल कराकर संदेश देने की कोशिश की है कि जमीन पर पकड़ अभी भी उसकी मजबूत है और लोग आज भी भाजपा को ही आशा भरी नजरों से देख रहे हैं। नेताओं ने यह भी संदेश देने की कोशिश की है भाजपा की नीतियों और सिद्धातों पर लोगों का भरोसा और बढ़ा है।
चेतना झांब के आने से जहां भाजपा को पटना के प्रबुद्ध और महिला वर्ग में मजबूती मिलेगी, वहीं फतुहा की प्रखंड प्रमुख श्रुति श्री के आने से पटना ग्रामीण इलाके में भाजपा का जनाधार बढ़ेगा। मुकेश सहनी की पार्टी वीआईपी के नेता आनंद मधुकर का पाला बदलना यह दिखाता है कि महागठबंधन के वोटों में भी बिखराव की स्थिति बन रही है।
भाजपा में शामिल होने के बाद फिल्म डायरेक्टर चेतना झांब ने कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास कार्यों और उनकी देश को आगे ले जाने की नीतियों से प्रभावित होकर भाजपा में शामिल हुई हैं। उन्होंने कहा कि बिहार को एक स्थिर और विजनरी लीडरशिप की जरूरत है, जो सिर्फ भाजपा ही दे सकती है।













