बांकीपुर का रण : रेखा गुप्ता के पास करोड़ों की जमीन और आधा किलो सोना, राबड़ी देवी की तरह डेयरी-किराया ही कमाई का मुख्य जरिया

नामांकन के साथ दिए गए हलफनामे के मुताबिक, रेखा गुप्ता करोड़ों की चल-अचल संपत्ति की मालकिन हैं, लेकिन उनके बैंक खाते की तस्वीर हैरान करने वाली है। उनके पास नकदी के रूप में जहां 80 हजार रुपये हैं, वहीं उनके बैंक खाते में मात्र 16,002 रुपये जमा हैं। दिलचस्प बात यह है कि रेखा गुप्ता की कमाई का जरिया बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी की याद दिलाता है। 

बांकीपुर का रण : रेखा गुप्ता के पास करोड़ों की जमीन और आधा किलो सोना, राबड़ी देवी की तरह डेयरी-किराया ही कमाई का मुख्य जरिया

DESWA DESK : बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र का सियासी महाभारत अब अपने चरम पर पहुंच चुका है। गुरुवार को कुल पांच उम्मीदवारों ने अपने पर्चे दाखिल किए। इनमें सबसे चर्चा का केंद्र रहीं महागठबंधन की आरजेडी उम्मीदवार रेखा गुप्ता। 46 वर्षीय रेखा गुप्ता के नामांकन के साथ ही बांकीपुर का मुकाबला अब बेहद दिलचस्प और त्रिकोणीय हो चुका है। यहां बीजेपी के अभिषेक कुमार सिन्हा और जन सुराज के प्रशांत किशोर की मौजूदगी ने चुनावी बिसात को पूरी तरह गरमा दिया है।

नामांकन के साथ दिए गए हलफनामे के मुताबिक, रेखा गुप्ता करोड़ों की चल-अचल संपत्ति की मालकिन हैं, लेकिन उनके बैंक खाते की तस्वीर हैरान करने वाली है। उनके पास नकदी के रूप में जहां 80 हजार रुपये हैं, वहीं उनके बैंक खाते में मात्र 16,002 रुपये जमा हैं। दिलचस्प बात यह है कि रेखा गुप्ता की कमाई का जरिया बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी की याद दिलाता है। 

हलफनामे के अनुसार, उनकी आय का मुख्य स्रोत डेयरी (पशुपालन) और संपत्तियों से आने वाला किराया है। विनोबा भावे विश्वविद्यालय, हजारीबाग से स्नातक रेखा गुप्ता के पास पटना के प्राइम लोकेशनों पर भारी-भरकम अचल संपत्ति है। बाकरगंज दलदली रोड में एक आलीशान व्यावसायिक भवन है। जबकि कंकड़बाग जैसे रिहाइशी इलाके में अपना मकान है। इसके अलावा उनके पास करोड़ों के कमर्शियल जमीन के प्लॉट भी हैं।

शौक और सुरक्षा के मामले में भी राजद उम्मीदवार पीछे नहीं हैं। हलफनामे के अनुसार रेखा गुप्ता के पास करीब आधा किलो सोने के जेवर हैं, जिसकी वर्तमान बाजार कीमत 67 लाख 32 हजार 500 रुपये आंकी गई है। वहीं उनके पति रंजय कुमार के पास 100 ग्राम सोना है। सुरक्षा के लिए रेखा गुप्ता के नाम पर एक राइफल और उनके पति के नाम पर एक रिवॉल्वर है। उनके पास 3.5 लाख रुपये मूल्य की एक गाड़ी भी है। हलफनामे में इस बात का भी जिक्र है कि रेखा गुप्ता पर संपत्ति विवाद को लेकर एक आपराधिक मामला भी दर्ज है।

रेखा गुप्ता के मैदान में उतरने से बांकीपुर सीट पर मुकाबला बेहद कड़ा हो गया है। एक तरफ जहां सत्ताधारी दल बीजेपी के अभिषेक कुमार सिन्हा अपनी जमीन बचाने के लिए पूरा जोर लगा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर की रणनीतिक मौजूदगी ने इस मुकाबले को त्रिकोणीय बनाकर बेहद रोमांचक मोड़ पर खड़ा कर दिया है। अब देखना यह है कि बांकीपुर की जनता विकास, बदलाव या फिर पुरानी साख में से किसे चुनती है।