बिहार पुलिस का बड़ा एक्शन प्लान तैयार; चार हजार माफियाओं की संपत्ति होगी जब्त, विधायक अमित रानू भी निशाने पर

बिहार में अपराधियों और भू-माफियाओं द्वारा अवैध कमाई से खड़ी की गई काली संपत्ति पर पुलिस प्रशासन का बड़ा प्रहार होने जा रहा है। राज्य के चार हजार से अधिक चिन्हित अपराधियों और माफियाओं की संपत्तियों को जब्त करने की तैयारी पूरी कर ली गई है। पुलिस मुख्यालय में एडीजी (मुख्यालय) सुनील कुमार और एडीजी (विधि-व्यवस्था) केएस अनुपम ने इस बड़ी कार्रवाई की जानकारी साझा की।

बिहार पुलिस का बड़ा एक्शन प्लान तैयार; चार हजार माफियाओं की संपत्ति होगी जब्त, विधायक अमित रानू भी निशाने पर

DESWA DESK : बिहार में अपराधियों और भू-माफियाओं द्वारा अवैध कमाई से खड़ी की गई काली संपत्ति पर पुलिस प्रशासन का बड़ा प्रहार होने जा रहा है। राज्य के चार हजार से अधिक चिन्हित अपराधियों और माफियाओं की संपत्तियों को जब्त करने की तैयारी पूरी कर ली गई है। पुलिस मुख्यालय में एडीजी (मुख्यालय) सुनील कुमार और एडीजी (विधि-व्यवस्था) केएस अनुपम ने इस बड़ी कार्रवाई की जानकारी साझा की।

संपत्ति जब्ती की इस सूची में सीतामढ़ी के बेलसंड से लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के विधायक अमित कुमार रानू का नाम भी शामिल है। एडीजी (विधि-व्यवस्था) केएस अनुपम ने बताया कि विधायक पर जमीन पर अवैध कब्जे के गंभीर आरोप हैं। पुलिस की जांच पूरी हो चुकी है और जल्द ही उनके खिलाफ अदालत में चार्जशीट दाखिल की जाएगी।

पुलिस मुख्यालय के अनुसार, जिलों के एसपी की अनुशंसा पर यह प्रस्ताव तैयार किया गया है।
अबतक प्राप्त चार हजार प्रस्तावों में से लगभग आठ सौ मामले न्यायालय के स्तर पर प्रक्रियाधीन हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 107 के तहत संपत्ति जब्ती की यह न्यायिक प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
इस दौरान कानूनी नियमों के तहत आरोपी पक्ष को अपने दावे और जवाब दाखिल करने का अधिकार दिया जाएगा, जिसके बाद कोर्ट के आदेशानुसार जब्ती की अंतिम कार्रवाई होगी।

वहीं, अधिकारियों ने बताया कि बक्सर में छात्रा से जुड़े मामले की जांच पुलिस ने पूरी कर ली है। तीन आरोपी शिक्षकों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पीड़िता का बयान दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए स्पीडी ट्रायल की तैयारी है। साथ ही, पटना पुलिस ने बाढ़ में हुए जहरीली शराब कांड का सफल उद्भेदन करते हुए जांच पूरी कर ली है।

जल्द ही कोर्ट में चार्जशीट सौंपी जाएगी। साथ ही साथ दिल्ली में हुए हॉस्टल हादसे के बाद बिहार पुलिस भी अलर्ट है। पटना हाईकोर्ट के निर्देशों के तहत हॉस्टलों में रह रहे छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है, हालांकि भवन की ढांचागत सुरक्षा (स्ट्रक्चरल सेफ्टी) पुलिस के क्षेत्राधिकार से बाहर है।