औरंगाबाद में संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस
औरंगाबाद जिले के रफीगंज थाना क्षेत्र के दनई-संथुआ पथ स्थित नहर के समीप एक युवक का पेड़ से लटका शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई, और मौके पर काफी संख्या में लोग जुट गए। सूचना मिलने के बाद रफीगंज थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
DESWA DESK : औरंगाबाद जिले के रफीगंज थाना क्षेत्र के दनई-संथुआ पथ स्थित नहर के समीप एक युवक का पेड़ से लटका शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई, और मौके पर काफी संख्या में लोग जुट गए। सूचना मिलने के बाद रफीगंज थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
रफीगंज थानाध्यक्ष शंभू कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान पोगर पंचायत के सिधी बुजुर्ग गांव निवासी धर्मेंद्र शर्मा के 18 वर्षीय पुत्र चितरंजन कुमार के रूप में की गई है। परिजनों ने बताया कि चितरंजन तीन दिन पहले कारपेंटर का काम करने के लिए दाउदनगर गया था। शुक्रवार की सुबह करीब दस बजे वह दवा लाने की बात कहकर दाऊदनगर बाजार के लिए निकला था, लेकिन देर शाम तक वह घर नहीं लौटा।
आज पता चला कि उसका शव रफीगंज थाना क्षेत्र दनई-संथुआ पथ के नहर के समीप 25 फीट ऊंची पेड़ से लटका हुआ है। पुलिस को घटनास्थल के पास मृतक का बैग भी मिला है, जिसमें उसके कपड़े रखे हुए थे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। थानाध्यक्ष शंभू कुमार ने बताया कि प्रथमदृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा। रफीगंज पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
औरंगाबाद से दीनानाथ मौआर की रिपोर्ट













