अररिया में निगरानी विभाग का बड़ा एक्शन : 50 हजार रुपये रिश्वत लेते उद्योग विभाग के महाप्रबंधक अनिल कुमार मंडल गिरफ्तार
बिहार में भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला उद्योग केंद्र, अररिया के महाप्रबंधक (जीएम) अनिल कुमार मंडल को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी उनके किराए के मकान से की गई, जहां वे शिकायतकर्ता से घूस की राशि ले रहे थे।
DESWA DESK : बिहार में भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला उद्योग केंद्र, अररिया के महाप्रबंधक (जीएम) अनिल कुमार मंडल को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी उनके किराए के मकान से की गई, जहां वे शिकायतकर्ता से घूस की राशि ले रहे थे।
इस संबंध में निगरानी विभाग के डीएसपी सतीशचंद्र माधव ने बताया कि मशीन सप्लायर कमरे आलम ने महाप्रबंधक के खिलाफ रिश्वत मांगने की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने कहा था कि मशीनों की आपूर्ति करने के बाद बिल भुगतान के लिए उनसे 85 हजार रूपये रिश्वत की मांग की जा रही है। उन्होंने बताया था कि कुल 17 लाख के मशीनों की आपूर्ति की गई थी, और इसके बिल भुगतान के लिए महाप्रबंधक अनिल कुमार मंडल 85 हजार रूपये की मांग कर रहे थे। बार-बार दबाव बनाए जाने से परेशान होकर पीड़ित ने इसकी शिकायत पटना स्थित निगरानी विभाग से की। शिकायत मिलने पर निगरानी विभाग ने गुप्त रूप से पूरे मामले की जांच कराई। प्राथमिक सत्यापन में आरोपी जीएम द्वारा रिश्वत मांगने के सबूत सही पाए गए।
इसके बाद डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष धावा दल का गठन किया गया और योजना के मुताबिक जैसे ही शिकायतकर्ता 50 हजार रुपये की तय रकम लेकर जीएम के किराए के आवास पर पहुंचा और नोट अनिल मंडल को थमाए, पहले से तैयार बैठी निगरानी विभाग की टीम ने दबिश दे दी। मौके से केमिकल लगे रिश्वत के नोट बरामद किए गए और अधिकारी को हिरासत में ले लिया गया। घूसखोर अधिकारी को गिरफ्तार कर निगरानी की पटना रवाना हो गई है, जहां उन्हें निगरानी की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा। अचानक हुई इस कार्रवाई से जिला समाहरणालय और उद्योग विभाग के कर्मचारियों के बीच हड़कंप का माहौल है।













