सुपौल में एनएच-327 पर बस ने बाइक सवार को रौंदा, युवक की मौके पर मौत; महिला और मासूम बच्चा गंभीर, पिपरा के पथरा चौक के पास हादसा
सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र स्थित पथरा चौक के समीप एनएच-327ई पर रफ्तार का कहर देखने को मिला है। एक तेज रफ्तार बस ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में बाइक चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार एक महिला और एक आठ वर्षीय मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान मधेपुरा जिले के सीहपुर गांव निवासी 25 वर्षीय परवेज आलम के रूप में हुई है।
DESWA DESK : सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र स्थित पथरा चौक के समीप एनएच-327ई पर रफ्तार का कहर देखने को मिला है। एक तेज रफ्तार बस ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में बाइक चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार एक महिला और एक आठ वर्षीय मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान मधेपुरा जिले के सीहपुर गांव निवासी 25 वर्षीय परवेज आलम के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार परवेज आलम अपनी बड़ी साली सुबेदा खातून और उनके आठ वर्षीय बेटे को बाइक पर बैठाकर चैनसिंहपट्टी से कटेया माहे जा रहे थे। इसी दौरान पथरा चौक के पास सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बस ने उनकी बाइक में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि परवेज आलम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों की मदद से गंभीर रूप से घायल महिला और बच्चे को तत्काल सुपौल सदर अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए मधेपुरा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है।
हादसे से गुस्साए स्थानीय लोगों ने मृतक का शव सड़क पर रखकर एनएच-327ई को जाम कर दिया और बस चालक की गिरफ्तारी व मुआवजे की मांग को लेकर नारेबाजी करने लगे। सड़क जाम के कारण लगभग एक घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा, जिससे यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही पिपरा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की छानबीन शुरू कर दी है।













