अब 75 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों को भी घर बैठे निबंधन की सुविधा, सीएम ने दी बड़ी सौगात; बाहर रहने वालों के लिए डिजिटल रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज हाजीपुर जिला निबंधन कार्यालय में राज्य की अत्याधुनिक डिजिटल एवं पेपरलेस निबंधन प्रणाली (होम रजिस्ट्री डिजिटल सिस्टम) के तहत चार महत्वपूर्ण सेवाओं- होम रजिस्ट्रेशन, भूमि संबंधी ऑनलाइन जांच, पेपरलेस निबंधन एवं जीआईएस तकनीक से स्थल निरीक्षण का शुभारंभ किया।

अब 75 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों को भी घर बैठे निबंधन की सुविधा, सीएम ने दी बड़ी सौगात; बाहर रहने वालों के लिए डिजिटल रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था

DESWA DESK : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज हाजीपुर जिला निबंधन कार्यालय में राज्य की अत्याधुनिक डिजिटल एवं पेपरलेस निबंधन प्रणाली (होम रजिस्ट्री डिजिटल सिस्टम) के तहत चार महत्वपूर्ण सेवाओं- होम रजिस्ट्रेशन, भूमि संबंधी ऑनलाइन जांच, पेपरलेस निबंधन एवं जीआईएस तकनीक से स्थल निरीक्षण का शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने 80 वर्ष या उससे अधिक उम्र के बुजुर्गों के लिये होम रजिट्रेशन की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मोबाइल रजिस्ट्रेशन यूनिट वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

 कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के पहले डिजिटल निबंधन की सेवा प्राप्त करने वाले 83 वर्षीय अवधेश कुमार के निबंधन प्रक्रिया का लाइव प्रदर्शन किया गया। मुख्यमंत्री के समक्ष मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग द्वारा विकसित पेपरलेस निबंधन प्रणाली पर आधारित लघु फिल्म प्रदर्शित की गयी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज से होम रजिट्रेशन की सुविधा बिहार के लाखों बुजुर्गों को उनके घर पर उपलब्ध करायी जा रही है। 

बिहार डिजिटल शासन की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि पेपरलेस निबंधन प्रणाली (होम रजिस्ट्री डिजिटल सिस्टम) की सुविधा 80 वर्ष से अधिक उम्र के नागरिकों को उपलब्ध करायी जानी थी, जिसमें अब उम्र सीमा घटाई गई है। अब पेपरलेस निबंधन प्रणाली की सुविधा 75 वर्ष से अधिकआयु के नागरिकों को भी घर बैठे उपलब्ध करायी जाएगी। सरकार का उद्देश्य आम नागरिकों के ईज ऑफ लिविंग को बढ़ाना तथा सरकारी सेवाओं को अधिक सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाना है। 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भारत को विकसित बनाने के लिये निरंतर काम कर रहे हैं तथा पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समृद्ध बिहार का संकल्प लिया है, हमारी सरकार समृद्ध बिहार के संकल्प को साकार करने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार के प्रयास और बुजुर्गों के आशीर्वाद से बिहार विकास के नए आयाम स्थापित करेगा। वैशाली की धरती काफी ऐतिहासिक है, जो भगवान बुद्ध और भगवान महावीर से जुड़ी होने के साथ-साथ यह लोकतंत्र की जननी है। 

श्रद्धेय रामविलास पासवान का यह कार्य क्षेत्र रहा है। मैं इस पवित्र भूमि को नमन करता हूं। उन्होंने कहा कि आपसी बंटवारे और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए राज्य से बाहर रहने वाले लोगों को भी एप्लीकेशन के माध्यम से डिजिटल निबंधन की सुविधा सुनिश्चित की जाए।मुख्यमंत्री ने कहा कि निबंधन कार्यालयों में आने वाले लोगों के लिए सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाए। पेपरलेस निबंधन प्रणाली (होम रजिस्ट्री डिजिटल सिस्टम) डिजिटल बिहार की दिशा में यह एक ऐतिहासिक कदम है, जिससे निबंधन प्रक्रिया सुरक्षित, सरल, पारदर्शी और विश्वसनीय बनेगी। 

अब आवेदकों को निबंधन से जुड़े दस्तावेज व्हाट्सएप एवं ई-मेल के माध्यम से भी उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था में भूमि की खरीद-बिक्री से पहले जीआईएस तकनीक एवं ऑनलाइन सत्यापन के माध्यम से भूमि की वास्तविक स्थिति की पुष्टि की जाएगी। इससे खरीदारों के हित सुरक्षित होंगे, विवादों में कमी आएगी तथा भूमि लेन-देन में पारदर्शिता और विश्वास बढ़ेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 15 जुलाई को बिहार के विभिन्न प्रखंडों में 213 नए डिग्री कॉलेजों की शुरूआत होगी, जिससे सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों तक उच्च शिक्षा का विस्तार होगा। नई डिजिटल प्रणाली के तहत अब भूमि निबंधन की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन एवं पेपरलेस होगी। कागजी कार्रवाई में कमी आने से समय की बचत होगी तथा लोगों को निबंधन कार्यालय के अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। इससे पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता आयेगी और भ्रष्टाचार पर भी रोक लगेगी। हर महीने की दस तारीख को डीबीटी के माध्यम से सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना से जुड़े करीब एक करोड़ लाभार्थियों को 1100 रुपये पेंशन की राशि उनके बैंक खाते में भेजी जाती है, इससे उनके जीवन में बदलाव आया है। सरकार का मूल मकसद बिहार की समृद्धि का रास्ता बनाकर बिहार को आगे बढ़ाना है। इस महत्वपूर्ण आयोजन से जुड़े सभी लोगों को मैं धन्यवाद देता हूं।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने डिजिटल रजिस्ट्रेशन सुविधा विकसित करने वाले सर्विस प्रोवाइडर से जुड़े लोगों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री के आगमन पर जीविका दीदियों ने स्वागत गान किया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, नेताओं, मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग तथा जिला प्रशासन द्वारा मुख्यमंत्री को पुष्प गुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर स्वागत किया गया।

कार्यक्रम में मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग के सचिव नवीन कुमार ने स्वागत भाषण किया तथा जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन मंत्री मदन सहनी, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री संजय कुमार सिंह, जदयू प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक उमेश सिंह कुशवाहा, विधायक सिद्धार्थ पटेल, विधायक संजय कुमार सिंह, विधायक अवधेश सिंह, विधायक महेंद्र राम, विधान पार्षद अशरफ अंसारी, विधान पार्षद वंशीधर व्रजवासी, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग के सचिव नवीन कुमार, तिरहुत प्रक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक चंदन कुशवाहा, जिलाधिकारी वर्षा सिंह, पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, वरीय अधिकारी एवं आमजन उपस्थित थे।