उड़ान भरते ही हवा में थमा सीएम सम्राट चौधरी का हेलीकॉप्टर, आखिर पायलट को क्यों करनी पड़ी 'होवर' ..अधिकारियों ने बताई ये वजह..?
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के हेलीकॉप्टर के साथ हाजीपुर में एक ऐसी घटना घटी जिसने कुछ देर के लिए प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की सांसें अटका दीं। स्थानीय अक्षयवट राय स्टेडियम से उड़ान भरने के ठीक बाद मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर अचानक करीब तीन मिनट तक हवा में एक ही जगह पर स्थिर हो गया। इस अप्रत्याशित घटना से स्टेडियम परिसर में अफरातफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे।
DESWA DESK : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के हेलीकॉप्टर के साथ हाजीपुर में एक ऐसी घटना घटी जिसने कुछ देर के लिए प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की सांसें अटका दीं। स्थानीय अक्षयवट राय स्टेडियम से उड़ान भरने के ठीक बाद मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर अचानक करीब तीन मिनट तक हवा में एक ही जगह पर स्थिर हो गया। इस अप्रत्याशित घटना से स्टेडियम परिसर में अफरातफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे।
हेलिकॉप्टर ने जैसे ही टेकऑफ किया, वह आगे बढ़ने के बजाय हवा में एक निश्चित ऊंचाई पर जाकर रुक गया। इंजन की तेज आवाज और हवा के दबाव के बीच हेलीकॉप्टर को एक ही जगह मंडराता देख नीचे मौजूद भीड़ में घबराहट फैल गई। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए स्टेडियम परिसर में मौजूद लोगों को व्यवस्थित तरीके से पीछे हटाया। आसमान में करीब तीन-चार मिनट तक स्थिर रहने के बाद हेलिकॉप्टर सामान्य गति पकड़ते हुए अपने गंतव्य की ओर आगे बढ़ गया।
हेलीकॉप्टर के सुरक्षित रवाना होते ही जिला प्रशासन, सुरक्षा घेरे और वहां मौजूद आम जनता ने राहत की सांस ली। नागरिक उड्डयन विशेषज्ञों का मानना है कि हवा के दबाव में अचानक बदलाव या किसी मामूली तकनीकी तालमेल के कारण पायलट को कुछ देर के लिए हेलिकॉप्टर को एक ही जगह 'होवर' करना पड़ा होगा।
सीएम सम्राट चौधरी का हेलीकॉप्टर हवा में एक ही जगह इतनी देर स्थिर (होवर) क्यों रहा, इस संबंध में उड्डयन विशेषज्ञों और तकनीकी जानकारों का मानना है कि यह कोई अप्रत्याशित घटना नहीं है। दरअसल, हेलीकॉप्टर के उड़ान भरने के बाद कई बार पायलट को हवा की गति, प्रेशर, पावर और वजन की जांच करना पड़ता है। मौसम प्रतिकूल होने या हवा की गति तेज होने पर सभी जांच से संतुष्ट होने के बाद ही पायलट आगे की उड़ान भरते हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन, शूटिंग या निरीक्षण के दौरान अक्सर पायलट हेलीकॉप्टर को हवा में कुछ देर के लिए स्थिर कर देते हैं, जिसे तकनीकी भाषा में 'होवर' कहा जाता है।
सीएम सम्राट चौधरी के हेलीकॉप्टर को भी 'होवर' करने के बाद ही पायलट ने आगे उड़ान का निर्णय लिया। बाद में प्रशासनिक अधिकारियों ने भी स्पष्ट किया कि सीएम सम्राट चौधरी के हेलीकॉप्टर के पायलट को आगे की लोकेशन स्पष्ट नहीं मिल रही थी। इसी कारण कुछ देर के लिए हेलीकॉप्टर को होवर करना पड़ा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह संचालन से जुड़ी सामान्य प्रक्रिया है। हेलीकॉप्टर में किसी प्रकार की सुरक्षा या तकनीकी समस्या नहीं थी।
दरअसल, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी हेलीकॉप्टर से हाजीपुर पहुंचे थे। यहां उन्होंने अक्षयवट राय स्टेडियम में उतरने के बाद हाजीपुर रजिस्ट्री कार्यालय का निरीक्षण किया और बिहार में पूर्णतया ऑनलाइन जमीन निबंधन प्रक्रिया की औपचारिक शुरूआत की। कार्यक्रम जब संपन्न हो गया तो वे दोपहर करीब तीन बजे हाजीपुर से पटना के लिए हेलीकॉप्टर से रवाना हुए। इस दौरान जैसे ही हेलीकॉटर ने उड़ाने भरी, स्टेडियम के उपर ही हवा में करीब तीन-चार मिनट तक एक ही जगह पर स्थिर हो गया।













