पटना के सभी प्रखंडों में इस दिन सहयोग शिविर, लोगों को मिलेगा सरकार की इन योजनाओं का लाभ
पटना जिले के सभी 23 प्रखंडों में सरकार के निर्देश के आलोक में 17 और 18 जून को सहयोग शिविर का आयोजन किया जाएगा। जिलाधिकारी ने आज इसकी तैयारियों की समीक्षा की तथा पदाधिकारियों को सरकार के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन करते हुए शिविरों का सफल आयोजन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
DESWA DESK : पटना जिले के सभी 23 प्रखंडों में सरकार के निर्देश के आलोक में 17 और 18 जून को सहयोग शिविर का आयोजन किया जाएगा। जिलाधिकारी ने आज इसकी तैयारियों की समीक्षा की तथा पदाधिकारियों को सरकार के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन करते हुए शिविरों का सफल आयोजन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी 23 प्रखंडों में लगने वाला दोदिवसीय शिविर 16 जून को पटना जिला के 23 प्रखंडों के 41 ग्राम पंचायतों और 17 नगर निकायों के विभिन्न वार्डों के लिए चिन्हित स्थलों पर आयोजित होगा। उन्होने कहा कि प्रखंड सहयोग-सह-जनकल्याण शिविरों का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न लोक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र व्यक्तियों तक पहुंचे।
इसी को लेकर राज्य के सभी प्रखंडों में इन शिविरों का आयोजन एक साथ किया जा रहा है। दोदिवसीय शिविर में विभिन्न योजनाओं के लिए अलग-अलग काउंटर लगाया जाएगा। इन योजनाओं में आयुष्मान भारत-पीएम-जेएवाई (प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना), आयुष्मान वय वंदना कार्ड (70प्लसवर्ष), सामाजिक सुरक्षा पेंशन (वृद्धा, विधवा, दिव्यांग) पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), लखपति दीदी, पीएम स्वनिधि, विकसित भारत-जी राम जी (वीबी.जी राम जी), किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान), मुख्यमंत्री कन्या उत्थान, छात्रवृत्ति योजनाएं, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना, दिव्यांग कल्याण योजनाएं एवं अन्य योजनाएं शामिल हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि शिविर स्थलों पर विभिन्न योजनाओं के तहत पात्र लाभुकों को आवेदन, निबंधन, सत्यापन, ई-केवाईसी इत्यादि लंबित कार्यों का निपटान एवं योजनाओं के लाभ का वितरण किया जाएगा। लोगों की सहायता के लिए कैम्प में हेल्प डेस्क भी क्रियाशील रहेगा। प्रशिक्षित वोलंटियर एवं कर्मी हेल्प डेस्क पर तैनात रहेंगे जो आवेदकों का मार्गदर्शन करेंगे।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रखंड सहयोग-सह-जनकल्याण शिविरों के सफल आयोजन के लिए वरीय पदाधिकारियों को प्रतिनियुक्त किया गया है। सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को पंचायत स्तरों तक शिविर का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया गया है ताकि लोगों को इसका अधिकतम लाभ प्राप्त हो।
जिलाधिकारी ने कहा कि इस उद्देश्य से सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया है कि केन्द्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के आवेदन, निबंधन या लाभ वितरण के लिए जो भी दस्तावेज आवश्यक हो उसको आवेदकों और लाभार्थियों को शिविर के दिन लाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से पूर्व से सूचित करें। जिलाधिकारी ने आम जन से भी आह्वान किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में प्रखंड सहयोग सह जनकल्याण शिविरों में सक्रिय रूप से भाग लेकर इसका लाभ उठाएं।













