10 सर्कुलर रोड खाली करेंगी पूर्व सीएम राबड़ी देवी, मीसा भारती का बड़ा एलान, सरकारी आवास छोड़कर यहां रहेंगी ?
इन दिनों बिहार की सियासत का अखाड़ा बना '10 सर्कुलर रोड' का बंगला जल्द ही खाली होने जा रहा है। आरजेडी की वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी अपने इस सरकारी आवास को छोड़ देंगी। इस बात का आधिकारिक ऐलान लालू-राबड़ी की बड़ी बेटी और राज्यसभा सांसद डॉ. मीसा भारती ने किया है।
DESWA DESK : इन दिनों बिहार की सियासत का अखाड़ा बना '10 सर्कुलर रोड' का बंगला जल्द ही खाली होने जा रहा है। आरजेडी की वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी अपने इस सरकारी आवास को छोड़ देंगी। इस बात का आधिकारिक ऐलान लालू-राबड़ी की बड़ी बेटी और राज्यसभा सांसद डॉ. मीसा भारती ने किया है।
यह घोषणा उस दिन हुई जब आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव करीब एक सप्ताह के बाद सिंगापुर से अपनी स्वास्थ्य जांच कराकर मंगलवार को वापस पटना लौटे। पटना एयरपोर्ट पर उनके स्वागत के लिए भारी संख्या में कार्यकर्ताओं की भीड़ उमड़ी। लालू प्रसाद के साथ उनकी बेटी मीसा भारती और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव भी थे। सिंगापुर से लौटने के बाद लालू प्रसाद एक दिन दिल्ली में रुके थे, जहां से मंगलवार दोपहर वह पटना पहुंचे।
एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान सांसद मीसा भारती ने इस बड़े फैसले की जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पटना के 10 सर्कुलर रोड स्थित उनकी मां और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के सरकारी आवास को जल्द ही खाली कर दिया जाएगा। हालांकि, उन्होंने इस बात का खुलासा नहीं किया कि आवास खाली करने के बाद लालू-राबड़ी का नया ठिकाना क्या होगा, लेकिन माना जा रहा है कि परिवार अपने निजी आवास में शिफ्ट हो सकता है।
किडनी ट्रांसप्लांट के बाद लालू प्रसाद यादव समय-समय पर रूटीन चेकअप के लिए सिंगापुर जाते रहे हैं। डॉक्टरों के अनुसार, उनके स्वास्थ्य पैरामीटर्स फिलहाल सामान्य हैं। पटना एयरपोर्ट पर व्हीलचेयर से बाहर निकले लालू प्रसाद ने हाथ हिलाकर कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार किया। उनके पटना लौटते ही आरजेडी खेमे में एक बार फिर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई है।













