नवादा में दुस्साहसिक वारदात : डकैती के दौरान घर में अकेली वृद्ध महिला की हत्या, गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर की आगजनी
नवादा जिले के नारडीहा गांव में अपराधियों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया है। डकैती के दौरान करीब 60 वर्षीय राजकुमारी देवी की पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी और घर में रखे करीब दस लाख रुपये से अधिक के गहने व नकदी लूटकर फरार हो गए। घटना की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। उग्र ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और नारदीगंज मार्ग पर आगजनी कर सड़क जाम कर दिया। बताया जा रहा है कि राजकुमारी देवी घर में अकेली रहती थीं। उनका बेटा दुबई में नौकरी करता है और परिवार के कई सदस्य बाहर ही रहते हैं। पुलिस को आशंका है कि बदमाशों को घर की स्थिति और राजकुमारी देवी के अकेले होने की सटीक जानकारी थी।
DESWA DESK : नवादा जिले के नारडीहा गांव में अपराधियों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया है। डकैती के दौरान करीब 60 वर्षीय राजकुमारी देवी की पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी और घर में रखे करीब दस लाख रुपये से अधिक के गहने व नकदी लूटकर फरार हो गए। घटना की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
उग्र ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और नारदीगंज मार्ग पर आगजनी कर सड़क जाम कर दिया। बताया जा रहा है कि राजकुमारी देवी घर में अकेली रहती थीं। उनका बेटा दुबई में नौकरी करता है और परिवार के कई सदस्य बाहर ही रहते हैं। पुलिस को आशंका है कि बदमाशों को घर की स्थिति और राजकुमारी देवी के अकेले होने की सटीक जानकारी थी।
अपराधियों ने पहले से रेकी की थी या किसी नजदीकी का हाथ है, पुलिस इस बिंदु पर सघन जांच कर रही है। शनिवार सुबह जब काफी देर तक घर का मुख्य दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई। ग्रामीणों ने आवाज दी, लेकिन अंदर से कोई हलचल नहीं हुई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस जब घर के अंदर दाखिल हुई तो राजकुमारी देवी का शव लहूलुहान हालत में पड़ा मिला और पूरा सामान बिखरा हुआ था।
वारदात के विरोध में स्थानीय निवासियों का गुस्सा भड़क उठा। आक्रोशित लोगों ने नारदीगंज मुख्यमार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया और टायर जलाकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे आक्रोशित लोग अपराधियों की त्वरित गिरफ्तारी और इलाके में गश्त बढ़ाने की मांग कर रहे थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।













