संशय दूर : स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना पर सरकार का बड़ा फैसला; चार लाख तक ऋण सुविधा आगे भी रहेगी जारी
बिहार में स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना को लेकर पिछले कुछ दिनों से चल रही असमंजस और संशय की स्थिति पर विराम लग गया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने स्पष्ट किया है कि उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों को मिलने वाली चार लाख तक की ऋण सुविधा आगे भी पूर्ववत जारी रहेगी। सरकार ने दोहराया है कि युवाओं की पढ़ाई और उनके उज्ज्वल भविष्य को लेकर राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है और आर्थिक तंगी को कभी भी शिक्षा के रास्ते में रोड़ा नहीं बनने दिया जाएगा। योजना को लेकर फैल रही भ्रांतियों को दूर करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने स्वयं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर कर स्थिति साफ की।
DESWA DESK : बिहार में स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना को लेकर पिछले कुछ दिनों से चल रही असमंजस और संशय की स्थिति पर विराम लग गया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने स्पष्ट किया है कि उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों को मिलने वाली चार लाख तक की ऋण सुविधा आगे भी पूर्ववत जारी रहेगी।
सरकार ने दोहराया है कि युवाओं की पढ़ाई और उनके उज्ज्वल भविष्य को लेकर राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है और आर्थिक तंगी को कभी भी शिक्षा के रास्ते में रोड़ा नहीं बनने दिया जाएगा। योजना को लेकर फैल रही भ्रांतियों को दूर करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने स्वयं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर कर स्थिति साफ की।
उन्होंने लिखा- 'स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के संबंध में विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के मन में किसी भी प्रकार का संशय नहीं रहना चाहिए। उच्च शिक्षा हेतु ₹4 लाख तक का स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड मिल रहा है और यह सुविधा आगे भी पूर्ववत ही जारी रहेगी। बिहार सरकार युवाओं की शिक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। शिक्षा के रास्ते में आर्थिक संसाधन को कभी भी बाधा नहीं बनने दिया जाएगा।'
बीते दिनों योजना के स्वरूप या निरंतरता को लेकर छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों के मन में तरह-तरह के सवाल उठ रहे थे। सरकार के इस आधिकारिक बयान के बाद राज्य के लाखों छात्रों को बड़ी राहत मिली है। बता दें कि उच्च शिक्षा के लिए चार लाख तक का शिक्षा ऋण सरकार देती है।
इस राशि का इस्तेमाल छात्र अपनी ट्यूशन फीस, हॉस्टल, किताबों व पढ़ाई से जुड़े अन्य जरूरी खर्चों के लिए कर सकते हैं। सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि किसी भी छात्र या अभिभावक को परेशान होने या किसी अफवाह पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है। डिग्री, डिप्लोमा व तकनीकी पाठ्यक्रम के लिए स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड की सुविधा मिलती रहेगी।













