दिल दहलाने वाली घटना : बीजेपी का झंडा लगी तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने स्कूटी सवार दो युवतियों को रौंदा, मौके पर ही मौत
मुजफ्फरपुर-दरभंगा राष्ट्रीय राजमार्ग पर दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। बोचहां थाना क्षेत्र के गोपालपुर चौक के समीप एक तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार ने स्कूटी सवार दो महिला माइक्रो फाइनेंस कर्मियों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों युवतियां स्कूटी समेत करीब सौ कदम तक सड़क पर घसीटती चली गईं, जिससे मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई।
DESWA DESK : मुजफ्फरपुर-दरभंगा राष्ट्रीय राजमार्ग पर दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। बोचहां थाना क्षेत्र के गोपालपुर चौक के समीप एक तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार ने स्कूटी सवार दो महिला माइक्रो फाइनेंस कर्मियों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों युवतियां स्कूटी समेत करीब सौ कदम तक सड़क पर घसीटती चली गईं, जिससे मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे के बाद अनियंत्रित फॉर्च्यूनर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में पलट गई। घटना के बाद आसपास के इलाके में कोहराम मच गया। मृत युवतियों की पहचान सफुद्दीनपुर गांव निवासी जकाकाश चौधरी उर्फ सोहन चौधरी की 23 वर्षीय पुत्री निशु कुमारी और गोपालपुर गोपाल गांव निवासी राजू चौधरी की 22 वर्षीय पुत्री नेहा कुमारी के रूप में हुई है।
निशु और नेहा एक ही माइक्रो फाइनेंस कंपनी में कार्यरत थीं। दोनों सहेलियां क्षेत्र के विभिन्न गांवों में महिलाओं के स्वयं सहायता समूहों को ऋण उपलब्ध कराने और उसकी रिकवरी का काम करती थीं। शनिवार को भी वे अपने फील्ड वर्क के सिलसिले में निकली थीं। इसी दौरान सड़क पार करने के क्रम में दरभंगा की ओर से मुजफ्फरपुर जा रही तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर की चपेट में आ गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त फॉर्च्यूनर कार पर बीजेपी का झंडा लगा हुआ था। हादसे के बाद गाड़ी में सवार लोग जैसे-तैसे बाहर निकले। जब तक ग्रामीण कुछ समझ पाते, तब तक कार सवार लोगों ने घायल युवतियों के इलाज कराने का बहाना बनाया और मौके पर पहुंचे एक ऑटो पर सवार होकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही बोचहां थाने की पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष यशवंत कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद गड्ढे में पलटी फॉर्च्यूनर को क्रेन की मदद से बाहर निकलवाया गया और उसे जब्त कर थाने लाया गया।
परिवहन विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार, जब्त फॉर्च्यूनर गाड़ी पूर्णिया के पंकज कुमार के नाम पर रजिस्टर्ड है।बोचहां थानाध्यक्ष यशवंत कुमार मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कूटी सवार दोनों युवतियां सड़क पार कर रही थीं, तभी तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। गाड़ी को जब्त कर लिया गया है और इसके मालिक व घटना के समय कार में सवार लोगों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।













