पटना में कोलकाता की डांसर रोजी खातून की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, जक्कनपुर के फ्लैट से मिला शव, रात में हुई थी पार्टी

राजधानी पटना के जक्कनपुर थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर रोड नंबर-3 में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक किराए के मकान से कोलकाता की रहने वाली नर्तकी रोजी खातून का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में अफरातफरी मच गई। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएच भेज दिया।

पटना में कोलकाता की डांसर रोजी खातून की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, जक्कनपुर के फ्लैट से मिला शव, रात में हुई थी पार्टी

DESWA DESK : राजधानी पटना के जक्कनपुर थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर रोड नंबर-3 में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक किराए के मकान से कोलकाता की रहने वाली नर्तकी रोजी खातून का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में अफरातफरी मच गई। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएच भेज दिया।

प्रारंभिक छानबीन में पता चला है कि रोजी खातून बीते 12 अगस्त को ही कोलकाता से पटना पहुंची थी। वह यहां अपने परिचित आर्यन के किराए के फ्लैट में ठहरी हुई थी। रोजी और आर्यन के परिवारों के बीच पुरानी जान-पहचान थी, इसी सिलसिले में पटना आने पर उसने आर्यन के घर पर ही रुकना तय किया था। रोजी पहले पटना में डांसर के रूप में काम कर चुकी थी और हाल के दिनों में वह इवेंट मैनेजमेंट से जुड़ी गतिविधियों में भी सक्रिय थी।

मौत के कारणों का सटीक पता लगाने के लिए एफएसएल की टीम को मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण नमूने और वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं। जांच के दौरान पुलिस को यह अहम सुराग भी मिला है कि घटना से ठीक पहले फ्लैट में एक पार्टी आयोजित की गई थी। जक्कनपुर पुलिस पार्टी में शामिल लोगों, आर्यन और आसपास के पड़ोसियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस इस बात की गहनता से तफ्तीश कर रही है कि यह हादसा है, आत्महत्या या इसके पीछे कोई गहरी साजिश है। फिलहाल पीएमसीएच से आने वाली पोस्टमार्टम और एफएसएल की जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत के असली कारणों से पर्दा उठ सकेगा।