पूर्णिया में घरेलू विवाद में बैंककर्मी पति ने शिक्षिका पत्नी को गोली मारी; वारदात के बाद दो बच्चों को छोड़कर फरार हुआ आरोपी
पूर्णिया जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां घरेलू विवाद में एक बैंककर्मी पति ने अपनी ही शिक्षिका पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। गोली सीधे महिला के सीने में लगी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे केहाट थाना क्षेत्र के कॉलेज रोड स्थित रेणु नगर की है। वारदात के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल है।
DESWA DESK : पूर्णिया जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां घरेलू विवाद में एक बैंककर्मी पति ने अपनी ही शिक्षिका पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। गोली सीधे महिला के सीने में लगी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे केहाट थाना क्षेत्र के कॉलेज रोड स्थित रेणु नगर की है। वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी और सनसनी का माहौल है।
मृतका की पहचान 36 वर्षीया शालिनी कुमारी के रूप में हुई है, जो श्रीनगर प्रखंड स्थित प्लस टू उच्च विद्यालय में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं। घटना को अंजाम देने के बाद हत्यारोपी पति राजकुमार यादव मौके से फरार हो गया। पूर्णिया कोर्ट स्टेशन रोड के रहने वाले और मृतका के मामा गौरीशंकर ने बताया कि शालिनी अपनी शादीशुदा जिंदगी में अपने बैंककर्मी पति राजकुमार यादव और दो छोटे बच्चों के साथ रेणु नगर स्थित एक किराए के मकान में रह रही थीं।
पिछले कुछ समय से पति-पत्नी के बीच घरेलू मुद्दों को लेकर तनाव चल रहा था। रविवार की रात भी दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद आपे से बाहर होकर राजकुमार ने हथियार निकालकर शालिनी के सीने में गोली दाग दी।
गोली की आवाज सुनते ही आसपास के लोग स्तब्ध रह गए। जब तक पड़ोसी मौके पर पहुंचे, आरोपी राजकुमार फरार हो चुका था और शालिनी खून से लथपथ पड़ी थीं। इसके बाद आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही केहाट थानाध्यक्ष जयप्रकाश सिंह मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और मृतका के परिजनों के बयान दर्ज किए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद से मासूम बच्चों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।













