मवेशी तस्करों को सुरक्षित सीमा पार कराने वालों पर एसपी का तगड़ा एक्शन; दारोगा समेत चार पुलिसकर्मी गिरफ्तार

मवेशी तस्करों को सुरक्षित तरीके से मुंगेर जिले की सीमा पार कराने और उन्हें संरक्षण देने वाले पुलिसकर्मियों पर मुंगेर एसपी इमरान मसूद ने तगड़ा एक्शन लिया है। पुख्ता साक्ष्य के आधार पर दारोगा समेत चार पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इन पुलिस कर्मियों की मवेशी तस्करों से गहरी साठगांठ थी और ये मवेशी से भरे वाहनों को जिला से पार कराने के एवज में तस्करों से मोटी रकम ऐंठते थे। 

मवेशी तस्करों को सुरक्षित सीमा पार कराने वालों पर एसपी का तगड़ा एक्शन; दारोगा समेत चार पुलिसकर्मी गिरफ्तार

DESWA DESK : मवेशी तस्करों को सुरक्षित तरीके से मुंगेर जिले की सीमा पार कराने और उन्हें संरक्षण देने वाले पुलिसकर्मियों पर मुंगेर एसपी इमरान मसूद ने तगड़ा एक्शन लिया है। पुख्ता साक्ष्य के आधार पर दारोगा समेत चार पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इन पुलिस कर्मियों की मवेशी तस्करों से गहरी साठगांठ थी और ये मवेशी से भरे वाहनों को जिला से पार कराने के एवज में तस्करों से मोटी रकम ऐंठते थे। 

दरअसल, इस पूरे सिंडिकेट का पर्दाफाश जिला आसूचना इकाई (डीआईयू) को मिली गुप्त सूचना के बाद हुआ। छह अगस्त को सूचना मिली थी कि ट्रक (बीआर19जीए-3676) पर मवेशियों को लादकर एनएच-333बी के रास्ते मुंगेर से खगड़िया ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही आसूचना इकाई की टीम सक्रिय हुई और श्रीकृष्ण सेतु के पास वाहन जांच शुरू कर दिया गया। इसी दौरान पुलिस ने उजले रंग की बाइक से रेकी कर रहे घनश्याम को पकड़ा। वह मुफस्सिल थाना इलाके के शंकरपुर का रहने वाला है। पूछताछ में उसने खुद को मवेशी तस्करों का लाइनर बताया। 

उसकी निशानदेही पर उस ट्रक को भी डीआईयू की टीम ने मुंगेर-जमालपुर मुख्यमार्ग पर बिंदवारा मोड़ के पास पकड़ा, जिसमें करीब तीन दर्जन भैंस को बड़़ी ही क्रूरतापूर्ण तरीके से लादा गया था। इसमें चार-पांच भैंसों की मौत भी हो चुकी थी। जब डीआईयू की टीम ने तस्करों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की तो पता चला कि इन मवेशियों को खगड़िया ले जाया जा रहा था। पूछताछ के दौरान ही डीआईयू की टीम को कुछ ऐसे इनपुट मिले, जिससे उनके कान खड़े हो गए। मामले की पूरी सूचना जब एसपी इमरान मसूद को दी गई तो तस्करों से जब्त मोबाइल की बारीकी से जांच करने को कहा। 

जांच के दौरान मोबाइल तस्करों के काॅल डिटेल में मुफस्सिल और ट्रैफिक थाना के कुछ पुलिसकर्मियों के नंबर मिले। अनुसंधान के दौरान यह भी पता चला कि तस्करों से इन पुलिसकर्मियों की कई बात बातचीत हुई है। यह बात भी सामने आई कि मुफस्सिल थाना में तैनात एक अवर निरीक्षक (दारोगा) और थानों में तैनात तीन पुलिसकर्मी तस्करों को लोकेशन भी शेयर करते थे। पुख्ता साक्ष्य मिलते ही एसपी ने तुरंत एक्शन लिया और दोषी पुलिसकर्मियों को तुरंत गिरफ्तारी का आदेश दिया। इसके बाद मुफ्फसिल थाना के एक दारोगा समेत चार पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार कर लिया। 

पुलिस ने ट्रक चालक अमित कुमार मंटू और सहायक चालक मो. जियाउल हक को भी गिरफ्तार कर लिया। कुल सात लोगों की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस सिंडिकेट में और कौन-कौन से पुलिसकर्मी या अन्य लोग शामिल हैं। लाइनर और गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ में पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।