मधुबनी में एटीएस की बड़ी स्ट्राइक : देश विरोधी आतंकी संगठन से सांठगांठ के आरोप में मदरसा का मौलाना गिरफ्तार
इस हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारी के बाद केंद्रीय और राज्य की सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट पर हैं। गिरफ्तार मौलाना से नगर थाना परिसर में बेहद गोपनीय तरीके से पूछताछ की गई। खुद मधुबनी के एसपी योगेंद्र कुमार नगर थाना पहुंचे और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मौलाना इजहार से पूछताछ की।
DESWA DESK : मधुबनी जिले में आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS) की देर रात हुई बड़ी छापेमारी से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। एटीएस की टीम ने देश विरोधी आतंकी संगठनों से सांठगांठ के गंभीर आरोप में शहर के भौआड़ा गोवा पोखर मोहल्ला स्थित एक मदरसे से मौलाना इजहार को गिरफ्तार किया है। इस हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारी के बाद केंद्रीय और राज्य की सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट पर हैं। गिरफ्तार मौलाना से नगर थाना परिसर में बेहद गोपनीय तरीके से पूछताछ की गई। खुद मधुबनी के एसपी योगेंद्र कुमार नगर थाना पहुंचे और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मौलाना इजहार से पूछताछ की।
सूत्रों के मुताबिक, मौलाना इजहार के खिलाफ लंबे समय से इनपुट मिल रहे थे कि वह भारत विरोधी गतिविधियों में संलिप्त कुछ संदिग्ध तत्वों और संगठनों के संपर्क में था। एटीएस की विशेष टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से बीती रात अचानक भौआड़ा गोवा पोखर मोहल्ला स्थित मदरसे को घेरा और मौलाना इजहार को दबोच लिया। इसके तुरंत बाद एटीएस ने मौलाना के पंडौल प्रखंड स्थित सरिसव पाही गांव वाले पैतृक घर पर भी भारी पुलिस बल के साथ छापेमारी की, जहां से कुछ संदिग्ध दस्तावेज खंगाले गए हैं।
पुलिस विभाग के उच्चपदस्थ सूत्र ने नाम ना छापने की शर्त पर बताया कि मामला बेहद संवेदनशील और देश की सुरक्षा से जुड़ा हुआ है। एटीएस और स्थानीय पुलिस की टीमें हर बिंदु पर गहनता से जांच कर रही हैं। फिलहाल सुरक्षा कारणों से अधिक जानकारी साझा नहीं की जा सकती।
पुलिस और एटीएस के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मौलाना इजहार से मिल रहे सुरागों के आधार पर एटीएस की कई टीमें जिले के कुछ अन्य संदिग्ध ठिकानों और लोगों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही हैं। चूंकि मधुबनी जिला नेपाल सीमा के करीब है, इसलिए सुरक्षा एजेंसियां इस बात की भी जांच कर रही हैं कि कहीं इस नेटवर्क के तार सीमा पार से तो नहीं जुड़े हैं। आने वाले 24 घंटों में इस मामले में कुछ और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।













