बीजेपी में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल : विनोद तावड़े को यूपी तो सतीश पूनिया को पंजाब की कमान; बिहार के नए प्रभारी पर सस्पेंस
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने अपनी नई राष्ट्रीय टीम के गठन के तुरंत बाद पार्टी के संगठनात्मक ढांचे में बड़ा फेरबदल शुरू कर दिया है। आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए कई राज्यों के प्रभारियों और सह-प्रभारियों की नई नियुक्तियां की गई हैं। इन नियुक्तियों में सबसे बड़ा रणनीतिक कदम उत्तर प्रदेश को लेकर उठाया गया है। बिहार बीजेपी के प्रभारी रहे और पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े को अब देश के सबसे बड़े राजनीतिक राज्य उत्तर प्रदेश (यूपी) का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है। उनके साथ राष्ट्रीय मंत्री जगदीश ईश्वरभाई पटेल को सह प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
DESWA DESK : बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने अपनी नई राष्ट्रीय टीम के गठन के तुरंत बाद पार्टी के संगठनात्मक ढांचे में बड़ा फेरबदल शुरू कर दिया है। आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए कई राज्यों के प्रभारियों और सह-प्रभारियों की नई नियुक्तियां की गई हैं। इन नियुक्तियों में सबसे बड़ा रणनीतिक कदम उत्तर प्रदेश को लेकर उठाया गया है। बिहार बीजेपी के प्रभारी रहे और पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े को अब देश के सबसे बड़े राजनीतिक राज्य उत्तर प्रदेश (यूपी) का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है। उनके साथ राष्ट्रीय मंत्री जगदीश ईश्वरभाई पटेल को सह प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बिहार में सांगठनिक समन्वय और रणनीतिक कौशल का प्रदर्शन करने वाले विनोद तावड़े को यूपी का प्रभारी बनाना बीजेपी का मास्टरस्ट्रोक माना जा रहा है। आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को देखते हुए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, पार्टी कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भरने और केंद्रीय नेतृत्व व राज्य इकाई के बीच बेहतर तालमेल बिठाने में उनकी भूमिका बेहद अहम होगी। विनोद तावड़े के उत्तर प्रदेश चले जाने के बाद अब राजनीतिक गलियारों में सबसे बड़ा सवाल यह है कि बिहार का नया प्रभारी कौन होगा?
हाल ही में राज्य में गरमाई राजनीतिक गतिविधियों और आगामी चुनावी तैयारियों के मद्देनजर बिहार में प्रभारी की भूमिका काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, केंद्रीय नेतृत्व जल्द ही बिहार के नए प्रभारी के नाम की आधिकारिक घोषणा कर सकता है। वहीं, पंजाब में अपने आधार को मजबूत करने की कोशिश में जुटी बीजेपी ने राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. सतीश पूनिया पर भरोसा जताया है। जबकि गुजरात में पार्टी के राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी और सांसद तरुण चुघ को प्रभारी बनाकर संगठन की धार को और तेज करने का संकेत दिया गया है। पार्टी के राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी तरुण चुघ द्वारा जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार, ये सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं।













