बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी को मरणोपरांत पद्मभूषण से किया गया सम्मानित,पत्नी ने राष्ट्रपति से लिया पुरस्कार
बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी को सार्वजनिक मामलों के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए मरणोपरांत पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक भव्य समारोह में यह सम्मान प्रदान किया। सुशील कुमार मोदी की ओर से उनकी पत्नी जेसी सुशील मोदी ने पुरस्कार ग्रहण ...

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोमवार को राष्ट्रपति भवन के गणतंत्र मंडप में आयोजित पद्म अलंकरण समारोह के प्रथम चरण में विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट योगदान देने वाली 71 हस्तियों को पद्म पुरस्कार प्रदान किए। इनमें 4 पद्म विभूषण, 10 पद्म भूषण और 57 पद्मश्री शामिल हैं। इसी कड़ी में बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी को सार्वजनिक मामलों के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए मरणोपरांत पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक भव्य समारोह में यह सम्मान प्रदान किया। सुशील कुमार मोदी की ओर से उनकी पत्नी जेसी सुशील मोदी ने पुरस्कार ग्रहण किया।
कई गणमान्य हस्तियां मौजूद रहीं
बता दें कि इस मौके पर कई गणमान्य हस्तियां मौजूद रहीं। सुशील कुमार मोदी के राजनीतिक जीवन और सेवाभाव की सराहना की गई। सुशील मोदी बिहार में 70 के दशक के जेपी आंदोलन से राजनीति में आए थे। इसके बाद RSS से जुड़े रहे। उनकी छात्र राजनीति की शुरुआत 1971 में हुई थी। 1990 में सुशील ने पटना केन्द्रीय विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा और विधानसभा पहुंचे। साल 2004 में वे भागलपुर लोकसभा क्षेत्र से चुनाव जीते। साल 2005 में उन्होंने संसद सदस्यता से इस्तीफा दिया और विधान परिषद के लिए निर्वाचित होकर उपमुख्यमंत्री बने। यहीं से नीतीश कुमार के साथ उनका साथ शुरू हुआ।
नीतीश सरकार में डिप्टी CM भी रह चुके हैं
जानकारी के लिए बता दें कि सुशील मोदी 2005 से 2013 और 2017 से 2020 तक बिहार के वित्त मंत्री रह चुके हैं। वो नीतीश सरकार में डिप्टी CM भी रह चुके हैं। 2005 के बिहार चुनाव में NDA सत्ता में आई और मोदी को बिहार भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया। बाद में उन्होंने लोकसभा से इस्तीफा दे दिया और बिहार के उपमुख्यमंत्री का पद संभाला। 2010 के बिहार चुनाव में NDA की जीत के बाद वह बिहार के उपमुख्यमंत्री बने रहे।
बिहार के उपमुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया
गौरतलब हो कि सुशील मोदी का निधन 13 मई 2024 को दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में सात महीने तक कैंसर से जूझने के बाद हुआ। वह 72 वर्ष के थे। अपने तीन दशक के राजनीतिक करियर में मोदी ने बिहार के राजनीतिक माहौल को आकार देने में अहम भूमिका निभाई है। सुशील मोदी विधायक, एमएलसी और लोकसभा तथा राज्यसभा के सदस्य समेत विभिन्न पदों पर रहे। उन्होंने 2005 से 2013 तक और फिर 2017 से 2020 तक बिहार के उपमुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया।