संजय झा के आवास पहुंचे नीतीश कुमार, लगे ‘सुपर सीएम’ के नारे; जेडीयू कार्यकारी अध्यक्ष ने तेजस्वी यादव की राजनीति पर उठाए सवाल
बिहार की सियासत में मंगलवार को उस वक्त हलचल तेज हो गई, जब पूर्व मुख्यमंत्री और जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा के आवास पहुंचे। नीतीश कुमार के पहुंचते ही वहां मौजूद कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ ‘सुपर सीएम जिंदाबाद’ के नारे लगाए। कार्यकर्ताओं का यह उत्साह देखकर नीतीश कुमार मुस्कुराते नजर आए।
DESWA DESK : बिहार की सियासत में मंगलवार को उस वक्त हलचल तेज हो गई, जब पूर्व मुख्यमंत्री और जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा के आवास पहुंचे। नीतीश कुमार के पहुंचते ही वहां मौजूद कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ ‘सुपर सीएम जिंदाबाद’ के नारे लगाए। कार्यकर्ताओं का यह उत्साह देखकर नीतीश कुमार मुस्कुराते नजर आए।
मुलाकात के दौरान नीतीश कुमार ने संजय झा से कहा कि वे कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद स्थापित करें और जनता तथा कार्यकर्ताओं की समस्याओं से संबंधित आवेदनों को प्राथमिकता से लें। उन्होंने कहा कि सभी लोगों से अच्छे से मिलिए और सबका कागज लीजिए।
इस दौरान जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष ने तेजस्वी यादव पर पार्ट टाइम पॉलिटिक्स करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब सिवान एके-47 मामले और अन्य मुद्दों को लेकर राज्य में तनाव था, तब तेजस्वी विदेश में थे। उन्होंने सवाल उठाया कि जब समस्याओं का समाधान हो चुका है, तो अब आंदोलन किस बात का? उन्होंने दावा किया कि आरजेडी बिखरने की कगार पर है और तेजस्वी को अपनी पार्टी पर ध्यान देना चाहिए।
संजय झा ने स्पष्ट किया कि सिवान घटना पर सरकार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों पर एक्शन लिया और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देशों के तहत छात्रों पर दर्ज मुकदमों को वापस लेने की प्रक्रिया शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि बिहार ने देश में सबसे ज्यादा बहालियां दी हैं। आंदोलन छात्रों का लोकतांत्रिक अधिकार है, और सरकार उनकी हर जायज मांग को सुनने व हल करने के लिए तैयार है। इस दौरान संजय झा ने बताया कि उन्होंने पूर्व सीएम से बरसात के बाद पूरे राज्य के दौरे पर निकलने का आग्रह किया है।
दूसरी ओर, आरजेडी प्रवक्ता एजाज अहमद ने इस मुलाकात और राजनीतिक हलचल पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सत्ताधारी एनडीए में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष नीतीश कुमार को ही मुख्य नेतृत्वकर्ता मानता है और अक्टूबर में प्रस्तावित उनकी संभावित यात्रा से एनडीए का अंदरूनी गणित जनता के सामने आ जाएगा।













