सारण को सीएम की बड़ी सौगात: दो आधुनिक टाउनशिप और दो एयरपोर्ट का होगा निर्माण, ऐसे बदलेगी तस्वीर ?
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि सारण जिले में दो आधुनिक टाउनशिप और दो एयरपोर्ट विकसित की जाएगी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने छपरा जंक्शन पर छपरा-दिल्ली एक्सप्रेस को संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना करने के बाद ये घोषणा की।
DESWA DESK : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि सारण जिले में दो आधुनिक टाउनशिप और दो एयरपोर्ट विकसित की जाएगी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने छपरा जंक्शन पर छपरा-दिल्ली एक्सप्रेस को संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना करने के बाद ये घोषणा की। कार्यक्रम की शुरुआत में हरी झंडी दिखाकर मऊ-दिल्ली एक्सप्रेस का शुभारंभ किया गया। साथ ही, दोहरीघाट औड़िहार ट्रेन सेवा का वाराणसी तक विस्तारीकरण किया गया।
छपरा जंक्शन परिसर स्थित बने कार्यक्रम स्थल से उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि छपरा के लिए आज ऐतिहासिक दिन है। आज छपरा से दिल्ली, उत्तर प्रदेश के मऊ से दिल्ली और एक और ट्रेन जो बनारस सिटी से दिल्ली तक जाएगी, इसके विस्तारीकरण की शुरुआत रेल मंत्री ने की है, यह उत्तर प्रदेश और बिहार के लोगों के लिए खुशी की बात है।
आज लगभग एक लाख करोड़ से अधिक की योजना हमारे बिहार में चल रही है और प्रत्येक साल केंद्र सरकार रेल बजट में लगभग 10,000 करोड़ रुपया बिहार जैसे गरीब राज्य को देती है। कई जगह चीजों को उत्क्रमित करने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह हमारे लिए गौरव की बात है कि बिहार में 38 जिले हैं जिसमें 36 जिले हमारे रेलवे कनेक्टिविटी से जुड़ चुके हैं। खुशी की बात है कि आज इसको फुल ऑटोमेटिक करने का काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं पूरे बिहार में 11 टाउनशिप बना रहा हूं और 11 टाउनशिप में सारण इकलौता जिला है जहां दो-दो बड़े टाउनशिप बनाने का काम हम कर रहे हैं। सारण जिला में एक नहीं दो-दो एयरपोर्ट बनाने की शुरुआत की जा रही है। उन्होंने कहा कि यहां अंतर्राष्ट्रीय स्तर का एयरपोर्ट हम बना रहे हैं और इसका काम शुरू किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव कई सेक्टर में हम लोगों को सुझाव देते रहते हैं, चाहे वो आईटी का सेक्टर हो, इंडस्ट्री का सेक्टर हो या रेलवे का सेक्टर हो। अभी मैं इनके साथ आ रहा था तो इन्होंने कहा कि ड्राई पोर्ट से बिहार में इंडस्ट्री को बढ़ावा मिलेगा।
ड्राई पोर्ट की पूरी जगह आप उपलब्ध कराइए और एक ड्राई पोर्ट यदि बन गया तो उस इलाके में कम-से-कम 20 हजार से 40 हजार करोड़ रुपये का इन्वेस्टमेंट हमारे छपरा में आएगा। उन्होंने कहा कि ये बदला हुआ बिहार है। यहां सड़कों की जाल बिछी है। रोड कनेक्टिविटी बढ़ी है। पहले जब पटना से छपरा आते थे तो छपरा आने में चार से पांच घंटा लगता था। आज पटना से छपरा लोग डेढ़ से दो घंटे में आराम से पहुंच रहे हैं और यदि यहां से रेल कनेक्टिविटी बढ़ जाएगी तो पटना जाना और आसान हो जाएगा और मात्र एक घंटा में पटना से छपरा लोग पहुंचना शुरू कर देंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मेकिंग इंडिया के तहत मढ़ौरा की धरती से भी रेल का इंजन बनाया जा रहा है और रेल मंत्री से मैंने आग्रह किया है कि इसका टेन्योर खत्म हो रहा है, इसलिए इसको आगे भी 20 साल तक के लिए बढ़ाया जाए। आमी स्थित भवानी मंदिर और आमी जगह का ऐसा विस्तार होगा कि विश्व स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाएगा। आमी से विदुपुर तक मां अंबिका गंगापथ बनाया जाएगा। मां अंबिका भवानी गंगापथ का विस्तार मरीन ड्राइव की ही तरह होगा। सोनपुर से लेकर गोपालगंज तक जोड़ने वाला एक नया सड़क हम बना रहे हैं, उसका नाम भी भगवान नारायणी पथ होगा।
इसके साथ-साथ गंगा के उस पार जो बक्सर का इलाका है उसको भी हमने एक नाम दिया है और वहां जो एक्सप्रेस-वे बनेगा उस पथ का नाम भगवान विश्वामित्र के नाम पर रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत और बिहार दोनों विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा। रेलवे कनेक्टिविटी के क्षेत्र में देश विश्वस्तरीय मानक स्थापित करेगा। इस दौरान अफ्रीकी देश गिनी को निर्यात किये जाने वाले 51वें रेल इंजन को भी रवाना किया गया।













