बांकीपुर उपचुनाव से ठीक पहले पीके को तगड़ा झटका, प्रो. केसी सिन्हा ने जन सुराज से नाता तोड़ा..बीजेपी में हुए शामिल
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की सरगर्मी के बीच सियासी गलियारे से बड़ी खबर सामने आई है। बिहार में शिक्षा जगत के जाने-माने चेहरे, प्रसिद्ध गणितज्ञ और पटना साइंस कॉलेज के प्रोफेसर रहे डॉ. केसी सिन्हा बीजेपी में शामिल हो गए हैं।
DESWA DESK : बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की सरगर्मी के बीच सियासी गलियारे से बड़ी खबर सामने आई है। बिहार में शिक्षा जगत के जाने-माने चेहरे, प्रसिद्ध गणितज्ञ और पटना साइंस कॉलेज के प्रोफेसर रहे डॉ. केसी सिन्हा बीजेपी में शामिल हो गए हैं।
इसे जन सुराज पार्टी और उसके सूत्रधार प्रशांत किशोर (पीके) के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। प्रो. सिन्हा ने 2025 के विधानसभा चुनाव से पहले जन सुराज की सदस्यता ली थी, और कुम्हरार से विधानसभा का चुनाव भी लड़ा था, लेकिन अब बांकीपुर उपचुनाव के ठीक पहले उनका पाला बदलना प्रशांत किशोर के शिक्षित और योग्य लोग वाले कोर एजेंडे को सीधी चोट पहुंचा सकता है।
प्रो. केसी सिन्हा ने आज भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की। इस मिलन समारोह में प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और भाजपा के वरिष्ठ नेता मुख्य रूप से मौजूद रहे। प्रो. सिन्हा के चेहरे के जरिए भाजपा प्रदेश के प्रबुद्ध वर्ग, युवाओं और छात्र समुदाय में एक बड़ा संदेश देने की तैयारी में है।
प्रशांत किशोर लगातार अपनी यात्राओं और रैलियों में यह दावा करते रहे हैं कि बिहार के दिग्गज शिक्षाविद्, डॉक्टर और प्रबुद्ध लोग जन सुराज के साथ जुड़ रहे हैं। लेकिन, इसी बीच प्रो. केसी सिन्हा का जन सुराज से नाता तोड़ना पीके के लिए बड़ा झटका है। बांकीपुर उपचुनाव को राजनीति चरम पर है। ऐसे में प्रो. सिन्हा जैसे कद्दावर और निष्पक्ष छवि वाले चेहरे का अचानक भाजपा का दामन थाम लेना, जन सुराज के कैडर को हताश कर सकता है और भाजपा को बड़ी चुनावी माइलेज दे सकता है।
प्रो. केसी सिन्हा का किसी राजनीतिक विवाद से नाता नहीं रहा है, जिसके कारण शिक्षक समाज और युवाओं में उनकी स्वीकार्यता दलगत राजनीति से ऊपर है। भाजपा में उनके आने से पार्टी को आगामी चुनावों में शहरी और अर्धशहरी क्षेत्रों के बौद्धिक वोट बैंक को साधने में बड़ी मदद मिलेगी।
बता दें कि प्रो. केसी सिन्हा का सफरनामा बिहार के युवाओं के लिए प्रेरणा जैसा रहा है। बिहार के भोजपुर जिले में जन्मे प्रो. सिन्हा ने ग्रामीण परिवेश से प्राथमिक शिक्षा ली। उच्च शिक्षा के दौरान उन्होंने बीएससी और एमएससी दोनों में विश्वविद्यालय स्तर पर टॉप किया और गोल्ड मेडल हासिल किया। इसके बाद उन्होंने बिहार के गौरव कहे जाने वाले पटना साइंस कॉलेज में गणित के प्रोफेसर के रूप में लंबे समय तक सेवा दी। प्रो. केसी सिन्हा को देशव्यापी पहचान उनकी गणित की किताबों ने दिलाई। कक्षा 11वीं, 12वीं और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए लिखी गईं उनकी 70 से अधिक पुस्तकें आज भी उत्तर भारत के करोड़ों छात्रों के बीच लोकप्रिय है।













