बीपीएससी टीआरई-4 पर बड़ा अपडेट; पीटी के बाद होगी मेंस, नेगेटिव मार्किंग भी...परीक्षा की संभावित तारीख का भी ऐलान
बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) ने शिक्षक नियुक्ति परीक्षा (टीआरई-4) को लेकर स्थिति स्पष्ट कर दी है। गर्दनीबाग में अभ्यर्थियों के विरोध-प्रदर्शन और परीक्षा प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों के बीच आयोग के परीक्षा नियंत्रक राजेश कुमार सिंह ने सोमवार को एक अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस की। आयोग ने परीक्षा के प्रारूप, नेगेटिव मार्किंग और संभावित तिथियों पर विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि टीआरई-4 में पीटी और मेंस एक्जाम होंगे, नेगेटिव मार्किंग भी होगी।
DESWA DESK : बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) ने शिक्षक नियुक्ति परीक्षा (टीआरई-4) को लेकर स्थिति स्पष्ट कर दी है। गर्दनीबाग में अभ्यर्थियों के विरोध-प्रदर्शन और परीक्षा प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों के बीच आयोग के परीक्षा नियंत्रक राजेश कुमार सिंह ने सोमवार को एक अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस की। आयोग ने परीक्षा के प्रारूप, नेगेटिव मार्किंग और संभावित तिथियों पर विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि टीआरई-4 में पीटी और मेंस एक्जाम होंगे, नेगेटिव मार्किंग भी होगी।
परीक्षा नियंत्रक राजेश कुमार सिंह ने बताया कि बीपीएससी टीआरई-4 परीक्षा का आयोजन दिसंबर या अगले साल जनवरी में किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि एक से 30 सितंबर तक आवेदन फॉर्म भरने की तिथि की घोषणा की जा चुकी है। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही परीक्षार्थियों की सटीक संख्या स्पष्ट होगी। आयोग एक दिन में पांच लाख तक अभ्यर्थियों की परीक्षा लेने में सक्षम है। कुल प्राप्त आवेदनों के आधार पर ही यह तय किया जाएगा कि परीक्षा कितने चरणों में आयोजित की जाएगी।
परीक्षा नियंत्रक ने दो चरणों में परीक्षा कराने के फैसले को सही ठहराते हुए कहा कि इसको लेकर भ्रम और अफवाहें फैलाई जा रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिहार पहला राज्य नहीं है जो शिक्षक बहाली के लिए दो चरणों में परीक्षा ले रहा है। पीटी के बाद मेंस एक्जाम होगा। कई अन्य राज्यों में भी यह व्यवस्था लागू है। उन्होंने कहा कि बीपीएससी की प्रमुख परीक्षाओं की तर्ज पर टीआरई-4 में भी नेगेटिव मार्किंग लागू रहेगी। इसमें किसी बदलाव की संभावना से आयोग ने साफ इनकार किया है।













